Type Here to Get Search Results !

प्रेमी ने प्रेमिका के घर जाकर किया फायर बच्चे की आंख में लगी गोली, ग्वालियर रैफर

भिंड। मेहगांव के कोंहार गांव में एक युवक ने अपनी प्रेमिका के घर जाकर कट्‌टे से फायर ठोंक दिया, जिससे उसके लड़के के आंख में गोली लगी और वह बुरी तरह से घायल हो गया। उसका उपचार ग्वालियर चल रहा है। घटना रविवार की सुबह 9.20 बजे की है। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

मेहगांव थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि नंगा उर्फ कृष्णकांत राजौरिया निवासी मेहगांव का आशा बानो निवासी कोंहार से प्रेम प्रसंग था। वह आशा बानो के साथ रहता था। लेकिन पांच-छह महीने पहले दोनों का विवाद हो गया, जिसके बाद आशा बानो अपने मायके कोंहार आकर रहने लगी।

रविवार की सुबह 9.20 बजे कृष्णकांत उर्फ नंगा, मेहगांव के मुकेश शर्मा के साथ बाइक से आशा बानो के यहां पहुंचा। जहां दोनों के बीच झगड़ा हुआ तो कृष्णकांत ने गुस्से में आकर कट्‌टे से फायर ठोक दिया, जिसकी गोली आशा बानो के सात साल के लड़के इरफान की आंख के पास लगी, जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। घटना के बाद कृष्णकांत अपने दोस्त के साथ फरार हो गया।

वहीं सूचना मिलने पर मेहगांव पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल भिजवाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे ग्वालियर रैफर कर दिया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं मेहगांव पुलिस ने शरीफ खान (46) पुत्र शिकावत खान निवासी कोंहार की फरियाद पर कृष्णकांत राजौरिया और मुकेश शर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साथ ही मुकेश को पुलिस ने पकड़ भी लिया है। उससे वह बाइक भी बरामद हो गई है।