नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश समेत हिमालयी राज्यों में बीते दो दिन से हो रही बर्फ से उत्तर और मध्य भारत में मौसम सर्द हो गया है। अगले कुछ दिनों में ठंड बढ़ने से मैदानी इलाकों में सुबह के वक्त घना कोहरा छाने का अनुमान है। शनिवार को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में सुबह घना कोहरा छाया रहा। आज बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में गरज चमक के साथ बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में बारिश हो सकती है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में रविवार और सोमवार को सुबह घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं, दक्षिणी राज्यों में अगले 5 दिन आंधी के साथ बारिश के आसार हैं।
हिमाचल में बर्फबारी से हाईवे बंद, 200 टूरिस्ट फंसे
बर्फबारी के चलते हिमाचल प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में पारा शून्य डिग्री के आसपास पहुंच गया। भारी बर्फबारी से 6 नेशनल हाईवे समेत 300 सड़कों पर आवाजाही बंद हो गई। हरिपुरधार में करीब 200 टूरिस्ट फंस गए हैं। ये सभी पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के हैं। उन्होंने एक मंदिर में शरण ले रखी है। पेयजल सप्लाई की पाइपें जम गई हैं। चंबा में प्रशासन ने अलर्ट जारी कर लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। शीतकालीन में हो रही सभी परीक्षाएं प्रशासन ने रद्द कर दी हैं।
मंडी में 40 साल बाद गिरी बर्फ
हिमाचल के मंडी के कई क्षेत्राें में करीब 40 साल बाद बर्फ गिरी। जिले की प्रसिद्ध पराशर झील में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। इसके अलावा, शिकारी देवी, कमरूनाग घाटी और सराज वैली में 2-3 फीट बर्फ गिरी है। माैसम विभाग ने कहा है कि प्रदेश में लाेगाें काे 16 दिसंबर से ठंड से राहत मिलेगी।
