Type Here to Get Search Results !

उद्धव मंत्रिमंडल का पहला विस्तार 30 दिसंबर को, अजित पवार बनाए जा सकते हैं उपमुख्यमंत्री: रिपोर्ट


मुंबई। महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार 30 दिसंबर को हो सकता है। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, एक राकांपा नेता ने बताया है कि इसमें अजित पवार प्रदेश के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं। 29 नवंबर को शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के साथ शिवसेना, कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दो-दो मंत्रियों ने शपथ ली थी। करीब 15 दिन बाद मंत्रियों को विभागों का बंटवारा किया गया था। अब माना जा रहा है कि करीब एक महीने बाद सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है।
शरद पवार और उद्धव ठाकरे के बीच मुलाकात के बाद चर्चा
मंत्रिपरिषद के विस्तार की चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और राकांपा प्रमुख शरद पवार ने सोमवार शाम को सह्याद्री अतिथि गृह में लगभग एक घंटे चर्चा की। राकांपा के सूत्रों ने बताया कि बैठक में सहयोगी पार्टी कांग्रेस का कोई नेता मौजूद नहीं था। हालांकि, एक स्थानीय मराठी चैनल द्वारा बैठक के बारे में पूछे जाने पर शिवसेना नेता और गृहमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि मुख्यमंत्री, मंत्रिपरिषद विस्तार के बारे में आधिकारिक सूचना देंगे।
पवार ने कहा था- शपथ के बुलावे का इंतजार कर रहे
इससे पहले राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने पत्रकारों को कहा था कि हम भी उस समय का इंतजार कर रहे हैं, जब हमारे सहयोगियों को शपथ लेने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। राकांपा के मंत्रियों की सूची तैयार किए जाने के सवाल पर पवार ने कहा था कि पार्टी किसी भी चीज को अंतिम रूप देने में अधिक समय नहीं लेती है।
दो बार उप-मुख्यमंत्री रह चुके हैं अजित पवार
अजित पवार दो बार पृथ्वीराज चव्हाण के शासन में उप-मुख्यमंत्री रह चुके हैं। हाल ही में उन्होंने देवेंद्र फडणवीस के साथ डिप्टी सीएम के रूप में शपथ ली थी। हालांकि, साढ़े तीन दिन के कार्यकाल में वे पदभार ग्रहण नहीं कर सके थे। बाद में हुई राजनीतिक उठापटक के बीच उन्हें पद से इस्तीफा देना पड़ा था।