मुंबई। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ देशभर में गुरुवार को प्रदर्शन हुआ। मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में शहर के 70 से ज्यादा सामाजिक और छात्र संगठनों ने इस प्रदर्शन में हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने देश में पुलिस की बर्बर कार्रवाई का विरोध भी किया। आंदोलन को कांग्रेस-राकांपा और सपा जैसी पार्टियों ने समर्थन दिया है। बॉलीवुड की ओर से अभिनेता फरहान अख्तर, अभिनेत्री स्वरा भास्कर, फिल्ममेकर अनुराग कश्यप, कबीर खान, जोया अख्तर, हुमा कुरैशी और सुशांत सिंह जैसी हस्तियां शामिल हुईं।
अपडेट
- फरहान अख्तर ने कहा- वह संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए सड़क पर उतरेंगे, क्योंकि सिर्फ सोशल मीडिया पर गुस्सा जाहिर करने का वक्त अब निकल चुका है। उन्होंने कहा- किसी बात के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करना लोकतांत्रिक अधिकार है। यहां भी लोग अपनी आवाज उठा रहे हैं। मुझे लगता है कि अभी जो चल रहा है, उस मामले में कहीं कुछ ना कुछ भेदभाव है।
- एक्ट्रेस दिया मिर्जा ने ट्वीट किया- तबीयत खराब होने की वजह से मैं आज #MumbaiAgainstCAA में विरोध में शामिल होने में असमर्थ हूं। लेकिन, मैं हर एक शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारी के साथ हूं, जो अपने साथी भारतीयों के साथ एकजुटता से खड़ा है। हमारा लोकतंत्र हमेशा हमें एक साथ रखे।
- फिल्म मेकर और एक्टर पूजा भट्ट ने कहा- मैं शांतिपूर्वक मुंबई प्रदर्शन में शामिल नहीं हो पाऊंगी, लेकिन हर किसी के साथ एकजुटता से खड़ी हूं। अगर मैं प्रोड्यूसर होती तो मैं शूट को पोस्टपोंड कर देती। मगर, इस केस में मैं नहीं बदल सकती हूं।
- आयोजकों ने आजाद क्रांति मैदान में लगे सभी राजनीतिक झंडों को हटवाया। मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में भी इस बिल के विरोध में सैंकड़ों लोगों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने मंच पर लोगों ने गीत के मध्यम से अपनी बात रखी।
- इन संगठनों के कार्यकर्ता शामिल
- प्रदर्शन में छात्र भारती, स्टूडेंट इस्लामिक ऑर्गनाइजेशन ऑफ इंडिया, महाराष्ट्र स्टूडेंट लॉ असोसिएशन, स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया और ऑल इंडिया स्टूडेंट फेडरेशन, आंबेडकर स्टूडेंट असोसिएशन, प्रोग्रेसिव स्टूडेंट फोरम, अमन कमिटी और जमात-ए-इस्लामी हिंद जैसे संगठन शामिल हैं। जमात-ए-इस्लामी हिंद महाराष्ट्र के अमीर, रिजवान-उर-रहमान खान ने कहा- हम इस तरह के कानून का कड़ा विरोध करते हैं। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एकनाथ गायकवाड के नेतृत्व में विपक्षी दलों कांग्रेस, सपा और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया ने बैठक करके आंदोलन में भाग लेने का ऐलान किया था। इन्होंने भाजपा सत्ता छोड़ो का नारा दिया।
आजाद मैदान के बाहर सुरक्षा का कड़ा बंदोबस्त
मुंबई में जारी प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कड़े इंतजाम किए। अगस्त क्रांति मैदान के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। रैपिड एक्शन फोर्स और पैरा मिलिट्री फोर्स को अलर्ट पर रखा गया। अगस्त क्रांति मैदान की ओर आने वाले ट्रैफिक को डाइवर्ट किया गया। पूरी रैली की वीडियोग्राफी और ड्रोन, सीसीटीवी से निगरानी पुलिस की ओर से की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, कई संगठनों ने उनसे शाम 4 बजे से 7 बजे तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति ली थी।
इस प्रदर्शन में बॉलीवुड अभिनेत्री शबाना आजमी को भी शामिल होने था लेकिन वे निजी कारणों से इसमें शामिल नहीं हो सकी। जिसके बाद उन्होंने ट्विटर पर एक वीडियो संदेश जारी किया है।
