Type Here to Get Search Results !

अमेरिकी राष्ट्रपति कल साबरमती आश्रम भी जाएंगे, 22 किमी का रोड शो होगा; मोदी बोले- ट्रम्प के साथ रहना हमारा सम्मान


अहमदाबाद। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का 24 फरवरी को साबरमती आश्रम जाना तय हो गया है। रोड शो के दौरान 15 मिनट का समय बचाकर ट्रम्प साबरमती आश्रम जाएंगे। इसकी पुष्टि आश्रम के ट्रस्टी अमृत मोदी ने की है। यह भी तय हो गया है कि रोड शो 22 किमी का होगा। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया कि कल ट्रम्प के साथ रहना हमारे लिए सम्मान की बात है। 

ट्रम्प के साबरमती आश्रम में पहुंचने पर कुछ दिनों से रहस्य बना हुआ था। इसके पहले सीएम विजय रूपाणी ने कहा था कि व्हाइट हाउस की तरफ अधिकृत घोषणा के बाद ही इस पर कुछ कहा जा सकता है। उधर, नगर निगम कमिश्नर विजय नेहरा ने ट्वीट किया कि मोदी-ट्रम्प का रोड शो 22 किमी का ही होगा। 
7 आईपीएस अफसरों ने किया आश्रम की तैयारियों का निरीक्षण
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का स्वागत करने के लिए गांधी आश्रम पूरी तरह से तैयार है। जब यह बात सामने आई थी कि ट्रम्प गांधी आश्रम नहीं जाएंगे, तब भी गांधी आश्रम की तैयारियों में कोई फर्क नहीं पड़ा। आश्रम के हृदय कुंज का रंग-रोगन किया गया है। पीछे रिवरफ्रंट के एक हिस्से पर स्टेज बनाया गया है। जहां तीन आलीशान कुर्सियों की व्यवस्था की गई है, जहां से ट्रम्प, उनकी पत्नी मेलानिया और मोदी रिवरफ्रंट का नजारा देख सकें। 7 आईपीएस अधिकारियों ने आश्रम की तैयारियों का जायजा लिया।
रोड शो से 15 मिनट का समय निकालेंगे ट्रम्प
ट्रम्प की कार्यक्रम में भले ही गांधी आश्रम के लिए कोई निर्धारित समय तय नहीं है, लेकिन 22 किमी के रोड शो में वे 15 मिनट का समय निकालेंगे। इन 15 मिनट में ही वे गांधी आश्रम का दौरा करेंगे। इस दौरान वे गांधीजी की प्रतिमा को सूत की माला पहनाएंगे और हृदय कुंज में चरखा भी देखेंगे। ट्रम्प चरखा चलाएंगे या नहीं, यह अभी साफ नहीं हो पाया है।