Type Here to Get Search Results !

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मंत्री श्रीमती इमरती देवी ने दी बधाई

भोपाल। महिला-बाल विकास मंत्री श्रीमती इमरती देवी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी वर्गों की महिलाओं को बधाई देते हुए कहा है कि सिर्फ एक दिन महिला दिवस मनाने से हमारे उद्देश्य की प्राप्ति नहीं होगी। हमें लगातार महिला सशक्तिकरण के लिये काम करना होगा। उन्होंने कहा कि इस दिन हम सब व्यक्तिगत तौर पर व्यवसायिक संस्थानों, सामाजिक स्तर पर कार्यालयों, स्कूलों-कॉलेजों और आँगनवाड़ी केन्द्रों पर महिलाओं के हित में ऐसे प्रयास करें, जो लम्बे समय तक उपयोगी सिद्ध हों।

मंत्री श्रीमती इमरती देवी ने कहा कि महिलाएँ जिस भी क्षेत्र में आगे बढ़ती हैं, वहाँ संघर्ष है। उन्होंने महिलाओं से कहा है कि हमें हारना नहीं है, आगे बढ़ना है। वर्तमान में सामाजिक परिदृश्य बदल रहा है। महिलाओं की भागीदारी सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय रूप से बढ़ रही है। श्रीमती इमरती देवी ने कहा कि अब आवश्यकता आम लोगों की सोच में बदलाव लाने की है। उन्होंने कहा कि आम महिला के जीवन में उनकी परिस्थिति, उनकी सोच में परिवर्तन ही असली सशक्तिकरण है।

महिला-बाल विकास मंत्री श्रीमती इमरती देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ की मंशानुसार महिलाओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और यह सबसे बड़ी चुनौती भी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही हम महिला हेल्पलाइन नम्बर-181 प्रारम्भ कर रहे हैं। इससे महिलाओं को अपनी शिकायत दर्ज कराने के अलावा विधिक सहायता, आश्रय, मेडिकल सुरक्षा जैसी अन्य आवध्यक सुविधाएँ तुरंत मिलने लगेंगी।