राजगढ़। जिले में कोरोना वायरस (कोविड-19) ने दस्तक दे दी है। जीरापुर तहसील के ग्राम काछीखेड़ी की एक महिला कोरोना पाजीटिव पाई गई है। इस महिला को डिलेवरी के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया था और 16 अप्रैल को कोरोना संदिग्ध होने पर इसके सैंपल भोपाल भेजे गए थे। 18 अप्रैल को देर शाम आई रिपोर्ट में यह महिला पाजीटिव पाई गई है। इस केस के सामने आने के बाद से जिला अस्पताल सहित क्षेत्रभर में हड़कंप मच गया है, क्योंकि यह महिला पहले से अस्पताल में भर्ती थी और बताया जा रहा है कि डॉ आंकाक्षा द्वारा प्रसव के लिए इसका ऑपरेशन भी किया गया था।
देर शाम जानकारी मिलते ही कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा सहित तमाम अधिकारी जीरापुर क्षेत्र के ग्राम काछीखेड़ी पहुंचे। रात में ही पूरे गांव को सैनेटाइज करवाया गया। इधर, जिला अस्पताल में भी देर रात तक प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। अस्पताल के चारों मुख्य द्वार पर सख्ती बढ़ा दी गई है। पुलिस के जवान तैनात कर दिए गए हैं। मरीजों के परिजनों को बाहर कर दिये गये हैं। देर रात पूरे अस्पताल को सैनेटाइज किया गया है। अब संबंधित महिला के सम्पर्क में आए जितने डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ सहित जितने भी कर्मचारी हैं, उन सभी के सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे जाएंगे। महिला की ट्रेवल हिस्ट्री भी पता की जा रही है।
