बेगमगंज। बेगमगंज के निकटवर्ती ग्राम मानपुर निवासी मुलायम सिंह लोधी के 28 वर्षीय पुत्र प्रदीप सिंह लोधी एवं उनके रिश्तेदार बहोरन लोधी की सागर से लौटते समय एक सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। ग्राम मानपुर निवासी प्रदीप सिंह लोधी ने 6 माह पूर्व बेगमगंज कृषि मंडी के सामने सिद्धि इलेक्ट्रॉनिक्स नाम से दुकान खोली थी जोकि वह अपने गृह ग्राम मानपुर से आना-जाना करते थे। उनकी पत्नी का तीसरा बच्चा होना था । जिसको वह अपनी मां के साथ डॉ मोनिका जैन के नर्सिंग होम सागर लेकर गए थे। कल शुक्रवार की शाम ऑपरेशन से उनकी पत्नी को पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई थी । वह अपने पुत्र एवं पत्नी को देख कर वापस गृह ग्राम मानपुर रहे थे कि रात में सड़क दुर्घटना में उनकी एवं उनके रिश्तेदार की दर्दनाक मौत हो गई।
सागर जिले की राहतगढ़ थाना अंतर्गत राहतगढ़ सागर रोड पर बीती रात प्रदीप सिंह लोधी सागर के श्रीगणेश मेमोरियल नर्सिंग होम में डिलीवरी के लिए भर्ती हुई अपनी पत्नी श्रीमती प्रीति लोधी एवं अपने नवजात पुत्र को देखकर अपने रिश्तेदार बहोरन लोधी के साथ अपनी बोलेरो जीप क्र. एमपी 04 सीबी 9362 से वापस लौट रहे थे कि सामने जा रहे डायमंड कंपनी के एक कंटेनर क्र. एमपी 09 सीसी 9121 चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने से उनकी बोलोरो जीप कंटेनर के पीछे टकराकर अंदर घुस गई जोकि करीब 3 किलोमीटर तक कंटेनर में फंसी हुई चली गई । भीषण दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया ।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची राहतगढ़ पुलिस ने कंटेनर एवं जीप के अंदर फंसे मृतक प्रदीप सिंह लोधी एवं उनके रिश्तेदार जोकि ग्राम करैया तहसील एवं जिला अशोकनगर से आए हुए थे बहोरन सिंह लोधी पिता संतोष लोधी 18 वर्ष के शवों को बमुश्किल बाहर निकाला।
राहतगढ़ के थाना प्रभारी आनंद राज ने बताया कि फरार अज्ञात कंटेनर चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है ।दोनों युवकों के शवों का पीएम कराने के बाद उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
फोटो - सड़क दुर्घटना में मृतक प्रदीप सिंह लोधी एवं बहोरन लोधी तथा दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो जीप व कंटेनर


