Type Here to Get Search Results !

अक्षय कुमार बोले-'सूर्यवंशी' और 'बेल बॉटम' स्वतंत्रता दिवस पर नहीं होगी रिलीज

मुंबई। बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार ने आखिरकार अपनी फिल्मों 'सूर्यवंशी' और 'बेल बॉटम' की रिलीज डेट्स को लेकर बढ़ती अटकलों पर प्रतिक्रिया दी है। अफवाहों में दावा किया जा रहा था कि अक्षय की यह दोनों फिल्में स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के मौके पर रिलीज की जाएंगी। अब अक्षय ने खुद इन दावों को गलत ठहराया है। एक बयान में अक्षय कुमार ने बताया कि वे अपने फैंस के उत्साह से "विनम्र" महसूस कर रहे हैं। लेकिन, उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी फिल्मों के मेकर्स सिनेमाघरों में फिल्म रिलीज करने के बारे में स्पष्ट हैं और वे निश्चित हैं कि दोनों फिल्में एक ही तारीख पर रिलीज नहीं होंगी।

अक्षय ने कहा, "मैं 'सूर्यवंशी' और 'बेल बॉटम' की रिलीज को लेकर अपने प्रशंसकों के उत्साह और उत्सुकता से अभिभूत हूं और उनके प्यार के लिए उन्हें अपने दिल की गहराइयों से धन्यवाद देना चाहता हूं। हालांकि, इस समय, यह कहना पूरी तरह से गलत है कि दोनों फिल्में स्वतंत्रता दिवस पर रिलीज होंगी। दोनों फिल्मों के निर्माता रिलीज की तारीखों पर काम कर रहे हैं और सही समय पर घोषणा करेंगे।"

ट्रेड में ऐसी खबरें आ रही हैं कि 'सूर्यवंशी' के मेकर्स चाहते हैं कि फिल्म केवल सिनेमाघरों में ही रिलीज हो। यह देखते हुए कि 'सूर्यवंशी' और 'बेल बॉटम' की कहानी देशभक्ति से प्रेरित है और दोनों फिल्में कोरोना के कारण पिछले एक साल से टलती आ रही हैं। यह भी बताया गया है कि दोनों फिल्मों के वीकेंड हॉलिडे पर रिलीज होने की पूरी संभावना है।