नई दिल्ली। रियो ओलिंपिक की सिल्वर मेडलिस्ट पीवी सिंधु का मानना है कि टोक्यो गेम्स से कैरोलिना मारिन के हटने के बावजूद वह अपने लिए मेडल की राह आसान नहीं मान रही हैं। 2016 रियो ओलिंपिक के फाइनल में सिंधु को मारिन ने ही हराया था। वहीं हाल ही में स्विस ओपन के फाइनल में भी सिंधु को मारिन के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। मारिन ने मंगलवार को घोषणा की थी कि बाएं घुटने में चोट की वजह से वह टोक्यो ओलिंपिक में नहीं खेल पाएंगी। उनके घुटने का ऑपरेशन इस सप्ताह के अंत में होना है। टोक्यो ओलिंपिक 23 जुलाई से 8 अगस्त के बीच होंगे। कोरोना की वजह से इसे पिछले साल 2021 तक के लिए टाल दिया गया था।
सिंधु ने कहा -मारिन बेशक टूर्नामेंट से हट गई हैं, लेकिन टॉप 10 में शामिल सभी खिलाड़ी काफी अच्छी हैं। सभी का स्तर लगभग सामान है। ऐसे में मारिन के हटने के बाद भी वह टूर्नामेंट को आसान नहीं मानती हैं। सिंधु ने कहा कि ओलिंपिक में आने वाले सभी खिलाड़ी कड़ी मेहनत कर रहे हैं। हालांकि कोरोना की वजह से कई टूर्नामेंट रद्द हो गए। इस कारण भारत के कई खिलाड़ी क्वालिफाई नहीं कर पाए।
