मुंबई। सलमान खान स्टारर 'राधे : योर मोस्ट वांटेड भाई' 13 मई को पे पर व्यू सर्विस जी प्लेक्स पर रिलीज हुई थी। कोरोना की दूसरी लहर के चलते इसे देश में सिनेमाघर नहीं मिल सके थे। हालांकि, अब महाराष्ट्र सरकार ने कोरोना कर्फ्यू में ढील देने के साथ राज्यभर में सिनेमाघर खोलने की अनुमति भी दे दी है और यहां के दो सिनेमाघर सलमान खान की 'राधे' बड़े पर्दे पर दिखा रहे हैं। इनमें से एक मालेगांव स्थित ड्राइव इन सिनेमा है और दूसरा औरंगाबाद स्टारर खिनवासरा सिनेप्लेक्स, जिसे पहले अप्सरा सिनेमा के नाम से जाना जाता था।
फिल्म की डिस्ट्रीब्यूटिंग कंपनी जी स्टूडियो ने सोशल मीडिया पर कुछ फोटो शेयर की हैं, जिनमें लोग मालेगांव के ड्राइव इन सिनेमा में फिल्म का लुत्फ उठाते नजर आ रहे हैं। कंपनी की ओर से कैप्शन में लिखा गया है, "योर मोस्ट वांटेड भाई मालेगांव में आपसे मिलने का इंतजार कर रहा है। 'राधे' मालेगांव के ड्राइव इन सिनेमा में दिखाई जा रही है।"
