Type Here to Get Search Results !

स्मार्ट रोड: पेयजल की पाइपलाइन बचाने के फेर में डेमेज हो गई 1.25 करोड़ रुपए की सीवर लाइन

सीवर लाइन कॉन्ट्रेक्टर फर्म ने निगम कमिश्नर को दी नुकसान की जानकारी

पेयजल सप्लाई लाइन बचाने के चक्कर में बार-बार बदला गया रोड का एलायमेंट

भोपाल। तिली तिराहा-सिविल लाइन चौराहा के बीच बन रही स्मार्ट रोड के कारण सीवर लाइन प्रोजेक्ट को नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार स्मार्ट सिटी कंपनी द्वारा इस रोड का एलायमेंट बदलने के कारण ये स्थिति बनी। सीवर लाइन प्रोजेक्ट की कॉन्ट्रेक्टर फर्म मेसर्स लक्ष्मी सिविल इंजीनियरिंग के अनुसार सड़क बनाने में उपयोग हो रही मशीनरी व कॉम्पेक्टिंग के कारण तिली तिराहा से दक्षिण वन मंडल के ऑफिस तक करीब ६०० मीटर की लाइन डेमेज हो गई है। इसे दोबारा बिछाने में १ से १.२५ करोड़ रुपए दोबारा खर्च करना होंगे। 

पेयजल सप्लाई लाइन को बचाने जगह-जगह बदला एलायमेंट 

सीवर लाइन प्रोजेक्ट के सूत्रों के अनुसार इस सड़क के डेवलमेंट के पहले ही नगर निगम, सीवर प्रोजेक्ट व स्मार्ट सिटी के बीच एक को-ऑर्डिनेशन हो गया था। जिसमें तय हुआ था कि सड़क के दांयी तरफ सीवर लाइन बिछाई जाएगी।बीचों-बीच से एलायमेंट लेने के कारण ये सुरक्षित रहेगी। लेकिन बाद में नगर निगम ने इस रूट पर बांयी तरफ से गुजरने वाली पेयजल सप्लाई को बचाने के लिए अलायमेंट में बदलाव शुरु कर दिया। इसके चलते सड़क की बढ़ती चौड़ाई का एक हिस्सा दांयी तरफ ज्यादा हो गया। नतीजतन इस हिस्से में मशीनों की आवाजाही, कॉम्पेक्शन के कारण नीचे बिछी सीवर लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। 

नुकसान की भरपाई कैसे करेंगे अब तक तय नहीं 

सीवर प्रोजेक्ट की कॉन्ट्रेक्टर कंपनी के अनुसार इस नुकसान के बारे में नगर निगम कमिश्नर के माध्यम से स्मार्ट सिटी सीईओ को मार्च में ही अवगत कराया जा चुका है। लेकिन अब तक ये तय नहीं हो पाया है कि इस नुकसान की भरपाई कैसे होगी। कमोवेश यही स्थिति अब पुलिस कंट्रोल रूम के सामने भी बन रही है। कॉन्ट्रेक्टर फर्म का कहना है कि नुकसान इस स्तर पर हुआ है कि हमें जीरो लेवल से काम शुरु करना पड़ेगा। चूंकि इस समय बारिश का सीजन है, इसलिए ये काम करने में समस्या नहीं आएगी। लेकिन देरी की गई तो व्यवहारिक रूप से काम करना थोड़ा मुश्किल हो जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.