बार्सिलोना। लियोनल मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना ने हाल ही में कोपा अमेरिका का खिताब जीता। हालांकि, इस जीत से फुटबॉल जगत में मेसी की वैल्यू पर कोई पॉजिटिव इम्पैक्ट नहीं पड़ा है। 34 साल के मेसी अब अपने स्पेनिश क्लब बार्सिलोना के लिए आधी सैलरी पर खेलेंगे। मेसी को बार्सिलोना से खेलने के लिए पहले हर सीजन के लिए करीब 1106 करोड़ रुपए मिलते थे। अब उन्होंने अगले 5 साल के लिए करीब आधी सैलरी पर क्लब के साथ फिर से करार कर लिया है। माना जा रहा है कि मेसी को 2026 तक हर साल 550 करोड़ रुपए ही मिलेंगे। इस डील में ब्रेक अप ऑप्शन शामिल हैं। मेसी चाहें तो दो साल बाद डील खत्म कर किसी और क्लब से कॉन्ट्रैक्ट कर सकते हैं। हालांकि, अगर वे फिट रहें तो बार्सिलोना के लिए खेलना जारी रख सकते हैं।
मेसी का बार्सिलोना के साथ कॉन्ट्रैक्ट जून में ही समाप्त हो गया था। इसके बाद वे फ्री एजेंट थे। फ्री एजेंट का मतलब होता है किसी भी क्लब से कोई करार न होना। करीब 20 साल बार्सिलोना से जुड़े रहने के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि मेसी या तो फ्रेंच क्लब पेरिस सेंट जर्मेन जा सकते हैं या फिर वे इंग्लैंड के क्लब मैनचेस्टर सिटी का रुख करेंगे। लेकिन, उन्होंने कीमत घटाकर भी बार्सिलोना के साथ ही रहने का फैसला किया।
