लंदन। इंग्लैंड दौरे पर गई टीम इंडिया कोरोना के चपेट में आ गई है। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत समेत 2 खिलाड़ियों का टेस्ट पॉजिटिव पाया गया था। अब टीम इंडिया का एक सपोर्टिंग स्टाफ भी संक्रमित मिला है। थ्रो-डाउन एक्सपर्ट दयानंद गरानी की बुधवार को टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दयानंद के संपर्क में आए विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा, बॉलिंग कोच भरत अरुण और अभिमन्यु ईश्वरन को आइसोलेट कर दिया गया है। भारतीय खिलाड़ियों और स्टाफ को गुरुवार को ही डरहम में क्वारैंटाइन होना है। पर पंत, दयानंद, साहा, अरुण और ईश्वरन लंदन में ही क्वारैंटाइन रहेंगे। साहा IPL 2021 के दौरान एक बार कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं।
आइसोलेट हुए किसी भी खिलाड़ी या स्टाफ को डरहम नहीं भेजा जाएगा। इन सभी को 10 दिन के आइसोलेशन पीरियड से गुजारना होगा। इस दौरान इनकी कोरोना जांच भी की जाएगी। 10 दिन के बाद ही ये टीम को जॉइन कर पाएंगे। BCCI की मेडिकल टीम इनका ध्यान रख रही है। वहीं, पंत को आइसोलेशन में 8 दिन हो चुके हैं। उन्हें 2 निगेटिव RT-PCR टेस्ट लाने के बाद ही डरहम भेजा जाएगा। पंत का 18 जुलाई को दूसरा टेस्ट किया जाएगा। हालांकि, पंत में कोई लक्षण नहीं हैं। उनके अलावा दूसरे खिलाड़ी की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट 10 जुलाई को निगेटिव आ चुकी है। टीम इंडिया को 20 जुलाई से काउंटी-XI के खिलाफ डरहम में ही 3 दिन का प्रैक्टिस मैच भी खेलना है।
