अरुण शुक्ल, नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने रत्नेश मिश्रा को प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया है। शुक्रवार को रत्नेश मिश्रा ने नई दिल्ली में राज्यसभा सांसद संजय सिंह से मुलाकात कर गिले-शिकवे दूर किए और आभार व्यक्त किया। गौरतलब है, जून महीने में रत्नेश मिश्रा ने संजय सिंह पर बड़ा आरोप लगाया था। जिसके बाद पार्टी ने उन्हें निष्काषित कर दिया था। रत्नेश मिश्रा के निष्काषन पर पार्टी का एक बड़ा वर्ग नाराज हो गया। इन नेताओं का कहना था कि रत्नेश मिश्रा ने जो आरोप लगाए, वह गलत नहीं है। सच बोलने वाले को पार्टी से निकाला नहीं जा सकता है। पार्टी में विद्रोह के स्वर मजबूत होता देख पार्टी आलाकमान ने मिश्रा का निष्काषन रद्द किया और अब यूपी विधानसभा चुनावों से पहले उन्हें प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त कर दिया।
बता दें, रत्नेश मिश्रा ने संजय सिंह पर पार्टी के चंदा चोरी का आरोप लगाया था। उनका आरोप था कि राज्यसभा सांसद पार्टी के कार्यकर्ताओं का हक डकार लेते हैं। उनके इस आरोप पर संजय सिंह असहज हो गए थे। हालांकि, फिलहाल अब सब ठीक होता नजऱ आ रहा है।
वहीं प्रदेश प्रवक्ता बनने के बाद रत्नेश मिश्रा ने कहा कि जिम्मेदारी देने के लिए वह शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हैं। वहीं संजय सिंह के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। राज्यसभा में वह हमारी पार्टी के नेता है। सदन में वह जनहित के मुद्दों को प्रखरता से आवाज़ उठाते हैं और सत्ता से बेबाक सवाल करते हैं। उत्तर प्रदेश में वह हमारी पार्टी की अगुवाई कर रहे हैं। प्रदेश में हमारा संगठन मजबूत हुआ है। हमें विश्वास है कि 2022 की लड़ाई में आम आदमी पार्टी ऐतिहासिक प्रदर्शन करेगी।
