अहमदपुर। गुर्जर समाज के आराध्य देवनारायण जी भगवान की जयंती सोमवार को शहर सहित जिले भर में धूमधाम के साथ मनाई गई।
इस मौके पर शहर में गुर्जर समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्री देवनारायण भगवान का चल समारोह चरनाल जोड़ मंडी से सामूहिक पूजा-अर्चना के बाद प्रारंभ हुआ।
शोभायात्रा में अश्वसवार धर्मध्वजा हाथ में थामे चल रहे थे। सुसज्जित रथ में सवार भगवान देवनारायण जी की प्रतिमा के साथ गाजे-बाजे के साथ प्रारंभ हुई शोभायात्रा अहमदपुर मार्केट से निकल कर श्री नगर कॉलोनी से होते हुए चरनाल जोड़, मंडी में पहुंचकर श्री देवनारायण भगवान की महाआरती सम्पन्न हुई। शोभा यात्रा में भगवान देवनारायण के भजनों की स्वरलहरियों के बीच पुरूष नाचते-गाते चल रहे थे। शोभायात्रा में भक्तगण में आतिशबाजी और गाजे-बाजे के साथ जयकारे लगाते चल रहे थे। शोभायात्रा का स्वागत जनप्रतिनिधि व समाजसेवियों ने जगह-जगह स्वागत किया। चरनाल जोड़ पर मंडी में श्री देवनारायण भगवान की महाआरती के बाद महाप्रसाद वितरण का आयोजन भी किया गया। शोभा यात्रा के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पुलिस बल का भी सम्मान किया गया।
'शिक्षा से ही समाज का विकास संभव'
इस मौके पर मंडी परिसर में हुई धर्म सभा में वक्ताओं ने समाज सुधार सहित बालिका शिक्षा पर जोर दिया। मुख्य अतिथि गुर्जर समाज के नेता ने कहा कि शिक्षा से ही समाज का उत्थान संभव है। शिक्षा से ही घर व परिवार सहित देश का विकास हो सकेगा। उन्होंने फिजूलखर्ची रोकने की भी बात कही। ऐसे धार्मिक आयोजनों से लोगों में मेल-मिलाप की भावना विकसित होती है।



