पृथ्वीपुर के मड़िया, विरोरा खेत, सकेरा भड़ारन और चौमो में प्रदेश अध्यक्ष ने ली नुक्कड़ सभाएं
टीकमगढ़/ निवाड़ी। ये चुनाव विकास करने वालों और दहशतगर्दी फैलाने वालों के बीच का चुनाव है। इसमें विकास को चुनना है और आतंक फैलाने वालों को बाहर करना है। भाजपा ने हमेशा से विकास को ही राजनीति का लक्ष्य बनाया है, लेकिन कांग्रेस तो विनाश का पर्याय बन गई थी। ये बातें प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने बुधवार को पृथ्वीपुर विधानसभा के मड़िया, विरोरा खेत, सकेरा भड़ारन और चौमो में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए कही।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2003 से पहले प्रदेश में कांग्रेस का शासन था। इसमें आतंक और डाकुओं का बोलबाला था। पिछले 17 वर्षों के दौरान प्रदेश से आतंक और डाकुओं का सफाया किया गया है, लेकिन अब भी कई ऐसे आतंक के पर्याय बचे हुए हैं, जिन्हें भी यहां से भगाना है। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है, जिसमें बूथ पर कार्य करने वाला कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। गरीब का बेटा प्रधानमंत्री बन सकता है औैर किसान का बेटा मुख्यमंत्री बन सकता है। कांग्रेस में यह परंपरा नहीं है। वहां तो चांदी का चम्मच लेकर पैदा होने वाला ही प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री बनता है। कांग्रेस में अब तक जो भी मुख्यमंत्री बने हैं, सब राजा-महाराजा खानदान के लोग बने हैं। वहां पर कार्यकर्ता से सिर्फ चुनाव में काम लिया जाता है, बाकी पदों पर बैठने का काम इनके बड़े नेता ही करते हैं।
गरीब कल्याण की योजनाओें को कर दिया था बंद
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा ने हमेशा से गरीबों के हितों को लेकर योजनाएं बनाईं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गरीबों के हितों को लेकर योजनाएं चला रहे हैं, उनका जीवन स्तर सुधार रहे हैं, लेकिन कांग्रेस ने कभी भी गरीबी की चिंता नहीं की। आज देश के गरीबों के पास पक्के मकान हैं, घरों में गैस सिलेंडर है, उनके बच्चे उच्च शिक्षा ले रहे हैं तो उनको इलाज के लिए भी पांच लाख रूपए तक की सुविधा नि:शुल्क दी जा रही है। यह कार्य सिर्फ भाजपा सरकार ही कर सकती है। लेकिन प्रदेश में 15 माह के लिए आए कमलनाथ और पर्दे के पीछे से सरकार चलाने वाले मिस्टर बंटाढार दिग्विजय सिंह ने तो गरीबों के हितों की योजनाओें को ही बंद कर दिया था। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने गरीबों के लिए संबल योजना शुरू की तो कमलनाथ ने आते ही इसे बंद करवा दिया था।
जगह-जगह हुआ प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत
नुक्कड़ सभाओं के दौरान प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा का जगह-जगह स्वागत किया गया। वे पृथ्वीपुर विधानसभा के कई गांवों में गए, जहां पर लोगों ने फूलों की वर्षा की और उनका स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने भी उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त करते हुए उनसे भाजपा प्रत्याशी शिशुपाल यादव के पक्ष में वोट मांगे। इस दौरान वरिष्ठ नेता एवं कैबिनेट मंत्री श्री गोपाल भार्गव, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री मुकेश चौधरी, प्रदेश मंत्री ललिता यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।