मुंबई। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट में टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोटिल हो गए हैं। साउथ अफ्रीका की पारी के दौरान 11वें ओवर में गेंदबाजी कर रहे बुमराह के पैर में मोच आ गई। वो गेंद फेंकने के बाद फॉलो थ्रू में आगे बढ़ रहे थे, तभी उनका पैर मुड़ गया और वो दर्द से कराहने लगे। तुरंत फिजियो को बुलाया गया, लेकिन बुमराह का दर्द कम नहीं हुआ और उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। बुमराह की जगह अब श्रेयस अय्यर मैदान पर फील्डिंग कर रहे हैं।
भारत के लिए बुमराह जोरदार लय में गेंदबाजी कर रहे थे। पहला विकेट भी बुमराह के ही खाते में आया। उन्होंने पहले ही ओवर में अफ्रीकी कप्तान डीन एल्गर (1 रन) को विकेट के पीछे ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट करा दिया। इसके बाद अफ्रीकी बल्लेबाज बुमराह को नहीं खेल पा रहे थे। बुमराह की खतरनाक गेंदें लगातार अफ्रीकी बल्लेबाजों को परेशान कर रही थी। तभी ये हादसा हो गया।
BCCI ने बुमराह की चोट को लेकर एक बयान भी दिया है। उन्होंने कहा कि हम बुमराह की चोट पर लगातार नजर रखे हुए हैं। उनकी जगह अभी श्रेयस अय्यर फील्डिंग कर रहे हैं।