मुंबई। एक्टर रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की '83' 24 दिसंबर (शुक्रवार) को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। अब हाल ही में साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत ने '83' देखने के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर रणवीर सिंह और '83' की जमकर तारीफ की है। उन्होंने लिखा, "83, वाह क्या शानदार मूवी है। फिल्ममेकर कबीर खान, कपिल देव, रणवीर सिंह और कलाकारों समेत क्रू मेंबर्स को बहुत-बहुत बधाई।"
फिल्ममेकर कबीर खान के डायरेक्शन में बनी '83' में रणवीर-दीपिका के अलावा पंकज त्रिपाठी भी लीड रोल में हैं। यह फिल्म 1983 में भारतीय क्रिकेट टीम की वर्ल्ड कप की जीत पर आधारित है। तब कपिल देव ने देश को पहली बार वर्ल्ड कप का तोहफा दिया था। रणवीर सिंह फिल्म में कपिल के किरदार में नजर आ रहे हैं। फिल्म में दीपिका ने कपिल देव की पत्नी रोमी भाटिया की भूमिका निभाई है। ताहिर राज भसीन, जीवा, साकिब सलीम, जतिन सरना, चिराग पाटिल, दिनकर शर्मा, निशांत दहिया, साहिल खट्टर, अम्मी विर्क, अदिनाथ कोठारे, धैर्य करवा, आर बद्री भी फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में नजर आए हैं।