अहमदाबाद। टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को तीसरे और आखिरी वनडे मैच में 96 रन से हराकर 3 मैचों की वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप कर लिया है। मैच में वेस्टइंडीज के सामने 266 रन का टारगेट था, जिसके जवाब में टीम 37.1 ओवर में 169 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई। ओडीयन स्मिथ (36) टॉप स्कोरर रहे। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के खाते में 3-3 विकेट आए। दीपक चाहर और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट लिए।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले खेलते हुए भारतीय टीम 265 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। श्रेयस अय्यर (80) टॉप स्कोरर रहे, जबकि ऋषभ पंत ने भी बढ़िया 56 रन की पारी खेली। WI की ओर से जेसन होल्डर ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए जबकि अल्जारी जोसेफ और हैडन वॉल्श ने दो-दो विकेट चटकाए।
टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहली बार वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप किया। दोनों टीमों के बीच पहली वनडे सीरीज 1983 में खेली गई थी, तब से भारत एक बार भी 50 ओवर फॉर्मेट में WI के खिलाफ क्लीन स्वीप नहीं कर सका था, लेकिन रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम ने 39 साल में पहली बार ये इतिहास भी रच दिया। हालांकि वेस्टइंडीज 3 बार टीम इंडिया के खिलाफ क्लीन स्वीप कर चुका है।