नई दिल्ली। IPL 2022 की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में मेगा ऑक्शन भी होने वाला है। इस बार 590 प्लेयर्स पर बोली लगेगी, जिसमें 355 अनकैप्ड प्लेयर्स और 228 कैप्ड प्लेयर्स शामिल होंगे। दो दिन तक चलने वाले इस मेगा ऑक्शन में 10 टीमें हिस्सा लेंगी। वहीं, 7 एसोसिएट देश के खिलाड़ी भी ऑक्शन का हिस्सा होंगे। इसमें कोई शक नहीं है कि कुछ खिलाड़ियों के लिए फ्रेंचाइजी पानी की तरह पैसा बहाती नजर आने वाली हैं। तो आइए इस आर्टिकल में उन प्लेयर्स के बारे में बताते हैं, जो ऑक्शन में 10 करोड़ या उससे ज्यादा में बिक सकते हैं।
कई फ्रेंचाइजी अधिकारियों का मानना है कि दिल्ली कैपिटल्स के पूर्व कप्तान श्रेयस अय्यर नीलामी में सबसे महंगी खरीद हो सकते हैं। ऑक्शन टेबल पर जब श्रेयस अय्यर का नाम आएगा तो कई फ्रेंचाइजियां बिडिंग वॉर में शामिल होती नजर आएंगी, क्योंकि अय्यर न केवल एक बेहतरीन बल्लेबाज हैं, बल्कि उनमें कैप्टेंसी की काबिलियत भी है, जिसे वह IPL में पहले ही साबित कर चुके हैं।
अय्यर के IPL आंकड़ों पर गौर करें, तो उन्होंने 87 मैच खेले हैं, जिसमें 123.95 की स्ट्राइक रेट और 31.67 की औसत से 2,375 रन बनाए हैं। अय्यर पर खासकर उन टीमों की नजरें होंगी, जो ऑक्शन में अपने लिए कप्तान की खरीदारी करने उतरेंगी। इसलिए अय्यर अपनी 2 करोड़ की बेस प्राइस से कई गुना महंगे बिक सकते हैं।