Type Here to Get Search Results !

टीकमगढ़ की जिला प्रभारी किरण अहिरवार 3 दिन में 50 किमी पैदल चलीं, पैर में पड़े छाले

टीकमगढ़। जिले में कांग्रेस पार्टी 12 नवंबर से भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है। बीते 2 दिनों के दौरान कांग्रेसी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने 50 किमी क्षेत्र में पदयात्रा निकाली है। इस दौरान सोमवार को यात्रा के तीसरे दिन टीकमगढ़ जिले की यात्रा प्रभारी किरण अहिरवार के पांव में छाले पड़ गए।

दरअसल जिले के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने 12 नवंबर शनिवार को जतारा विधानसभा के रानीगंज तिराहा से भारत जोड़ो यात्रा प्रारंभ की थी। यात्रा प्रभारी किरण अहिरवार के साथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष अध्यक्ष नवीन साहू, कांग्रेस नेता सुरेंद्र सिंह गौर, कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष नंदकिशोर राय, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव आरआर बंसल, ओबीसी संगठन के जिला अध्यक्ष हीरालाल कुशवाहा, जतारा विधानसभा के भारत जोड़ो यात्रा के समन्वयक श्रीपद यादव सहित कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पहले दिन इशोन में रात्रि विश्राम किया।

अगले दिन 13 नवंबर को सतगुवां होते हुए मुहारा में जनसभा का आयोजन किया। सभा के बाद बैरवार में रात्रि विश्राम किया। आज जतारा से यात्रा शुरू की गई। इस दौरान यात्रा प्रभारी किरण अहिरवार ने बताया कि उनके पांव में छाले पड़ गए हैं। बावजूद इसके उन्होंने पदयात्रा जारी रखने का फैसला लिया है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष नवीन साहू ने बताया कि आज चंदेरा तिराहा, खरगूपुरा तिराहा, बराना होते हुए यात्रा पलेरा पहुंचेगी। जहां रात्रि विश्राम होगा।