भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने 17वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में मध्यप्रदेश पेवेलियन और एग्जीबिशन का शुभारंभ किया। मध्यप्रदेश पेवेलियन में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित गतिविधियों तथा योजनाओं के क्रियान्वयन को प्रस्तुत किया गया है। पेवेलियन में आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के भाव को अभिव्यक्त करते प्रदेश में आरंभ स्टार्टअप के स्टॉल लगे हैं। साथ ही विभिन्न औद्योगिक समूहों द्वारा प्रदेश में निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन भी किया गया है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मध्यप्रदेश पवेलियन में ओंकारेश्वर में निर्मित हो रहे अद्वैत वेदांत संस्थान और आचार्य शंकराचार्य की प्रतिमा स्थापना के प्रकल्प पर बनाए गए एकात्म धाम मंडप का अवलोकन किया। पेवेलियन स्थल पर इस मंडप का निर्माण भारतीय वास्तुकला की नागर शैली के अनुसार श्रीयंत्र की रचना के आधार पर किया गया है। बिन्दु से सृजन की उत्पत्ति, स्थिति और लय को दर्शाते इस मंडप में ओंकारेश्वर में निर्मित होने वाले संस्थान के डिजाइन, अद्वैत दर्शन तथा संस्थान की विकास प्रक्रिया को सुरूचिपूर्ण तरीके से प्रदर्शित किया गया। ओंकारेश्वर में स्थापित होने वाली आचार्य शंकर की 108 फीट ऊँची प्रतिमा का संक्षिप्त स्वरूप तथा प्रसिद्ध चित्रकार वासुदेव कामथ की पेंटिंग भी एकात्म धाम में प्रदर्शित है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किसान-कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा लगाए गए मिलेट स्टॉल का फीता काटकर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा मिलेट मिशन में मध्यप्रदेश के लोगो की लाँचिंग भी की गई। स्टाल में मण्डला, छिंदवाड़ा, डिंडोरी, अनूपपुर, सिंगरौली, खरगोन, मुरैना एवं जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर के मिलेट उत्पादों का प्रदर्शन किया गया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मिलेट स्टॉल के उत्पादों की सराहना की। उन्होंने उत्पादों को पोषण में उपयोगी बताया और उनका स्वाद भी लिया। स्टॉल में कोदो-कुटकी, रागी, कँगनी, ज्वार-बाजरा आदि मिलेट के उत्पादों जैसे बिस्किट कुकीज़, चावल पास्ता आदि का प्रदर्शन किया गया है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मध्यप्रदेश पेवेलियन में लगाए गए चाय सुट्टा बार स्टार्टअप के स्टॉल पर बैठ कर चाय पी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने स्टार्टअप किमिरिका, पता, डायरेक्ट शॉप किराना, कार्बन न्यूट्रल कम्पनी इकाई, नीव क्लाउड, ग्राम-ओ-फोन, लकड़ी पर केन्द्रित नवाचार सिग्नीफाय के स्टॉल पर स्टार्टअप आरंभ करने वाले युवाओं से चर्चा की।
प्रदर्शनी स्थल पर जापान, मालदीव, मॉरीशस, यूरोपियन चेम्बर्स, थाईलैंड, कनाडा, गुयाना, रिपब्लिक ऑफ पनामा, इंडिया-बांग्लादेश चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज, सिंगापुर-इंडिया चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं। आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश की थीम पर प्रदेश में संचालित विभिन्न उद्योग समूहों जैसे मराल ओवरसीज, प्रतिभा सिंटेक्स, ट्राइडेंट ग्रुप, वर्धमान ग्रुप, पोरवाल ऑटो कम्पोनेंट, आदिनाथ पॉली प्लास्ट, फोर्स, आयशर आदि ने भी स्टॉल लगा कर प्रदेश में बन रहे उत्पादों को प्रदर्शित किया है।
