Type Here to Get Search Results !

निवेश और रोजगार बढ़ाने के लिए सरकार करेगी पूरी मदद-मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से आज प्रवासी भारतीयों और उद्योगपतियों ने प्रवासी भारतीय दिवस के पहले दिन व्यक्तिगत भेंट और चर्चा की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में निवेश और रोजगार बढ़ाने के लिए सरकार भरपूर मदद करेगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में भी नवीन निवेश का स्वागत है। नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र को पर्याप्त बढ़ावा दिया गया है। प्रदेश में इस क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि मध्यप्रदेश में ओंकारेश्वर में 600 मेगावाट के फ्लोटिंग संयंत्र की स्थापना का कार्य हो रहा है। साथ ही शाजापुर, नीमच, छतरपुर और मुरैना आदि स्थानों में नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में प्रयास किए जा रहे हैं। नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में निवेश के लिए राज्य की नीति के अनुसार पूरी सहायता दी जाएगी। पूर्व वर्षों में रीवा में सौर ऊर्जा परियोजना से लाभ लिया गया है। मध्यप्रदेश शरबती गेहूँ और बासमती चावल के साथ मोटे अनाजों के उत्पादन को बढ़ावा देना चाहता है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज इंदौर में प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन के प्रथम दिन मध्यप्रदेश में निवेश के संबंध में विभिन्न प्रवासी भारतीय और उद्योगपतियों से कहा कि आज से करीब 20 वर्ष पहले मध्यप्रदेश में बिजली, पानी और सड़कों से जुड़ी समस्याएँ देखी जाती थी। दो दशक में इन क्षेत्रों में व्यवस्थाएँ मजबूत की गईं। आवश्यक अधो-संरचना के विकास और विभिन्न ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के जरिए उद्योगपतियों को आमंत्रित करने से निवेश आने लगा। योग्य युवाओं को काम मिलने लगा। प्रदेश की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ और मध्यप्रदेश अनेक क्षेत्र में अग्रणी हो गया है। अब नवीन क्षेत्रों में कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। सूचना प्रौद्योगिकी, फार्मास्युटिकल, कृषि, पर्यटन, स्वास्थ्य, खाद्य प्र-संस्करण और टेक्सटाईल उद्योगों के विकास के ठोस कदम उठाये गये। प्रदेश में निवेश के लिये प्रवासी भारतीयों की भी रूचि बढ़ रही है। इस सम्मेलन में प्राप्त सुझावों और इसके पश्चात प्राप्त प्रस्तावों का संबंधित विभागों से परीक्षण करवा कर विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की नवीन कोशिशें की जायेंगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान से आज जिन क्षेत्रों में निवेश के लिए इच्छुक प्रवासी भारतीय और निवेशकों ने भेंट की, उनमें शिक्षा और कौशल विकास, आईटी, साइंस लेब स्थापना, नवकरणीय ऊर्जा, जैविक उत्पादों को बाजार दिलवाने, पर्यटन और मिश्रित मार्शल आर्टस एवं फिटनेस केन्द्रों को प्रारंभ किए जाने से संबंधित क्षेत्र शामिल हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.