Type Here to Get Search Results !

नगर में अवैध शराब का कारोबार बढ़ा , समाजसेवियों ने की अंकुश की मांग"


बेगमगंज। नगर के माला फाटक , खिरिया नारायण दास , शाहपुर- हदाईपुर, टेकरी के पीछे व ऊपर  , बीड़ी कॉलोनी , कबीट चौराहा , रामनगर , श्याम नगर, गोंदिया कालोनी, इत्यादि सहित नगर के अन्य कुछ वार्डों में अवैध रूप से शराब का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है।

समय-समय पर पुलिस द्वारा अवैध शराब की बिक्री करने वाले तत्वों के खिलाफ धरपकड़ की कार्रवाई की जाती है लेकिन जमानत पर छूटने के बाद शराब तस्कर फिर से अपने कारोबार में सक्रिय हो जाते हैं ।

अब तो ऑनलाइन भी शराब उपलब्ध कराई जाने लगी है । जिसको  शराब की आवश्यकता होती है, वह संबंधित नामचीन अवैध शराब विक्रेताओं को मोबाइल पर ब्रांड बुक कराता है और उसके घर पर उस ब्रांड की शराब पहुंच जाती है ।पिछले कुछ महीनों से अवैध शराब का कारोबार ज्यादा बढ़ने के कारण नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है क्योंकि संबंधित स्थानों के लोगों में शराब तस्करों से नाराजगी है कि वह लोग उनके सभ्य मोहल्लों का वातावरण दूषित कर रहे हैं । आज मोहल्ले - मोहल्ले और गली -गली में अवैध शराब की बिक्री बढ़ने से इस कारोबार में लिप्त असामाजिकतत्व शरीफ लोगों के लिए सिर दर्द का कारण बन गए हैं । 

शिकायत मिलने पर जब पुलिस छापामारी करती है ,तो शराब तस्कर भूमिगत हो जाते हैं और जैसे ही मौका मिलता है। वैसे ही फिर से अपने कारोबार में सक्रिय होकर धड़ल्ले से अवैध शराब बिक्री करने में जुड़ जाती हैं।

नगर के  समाजसेवियों ने शासन प्रशासन से मांग की है कि मोहल्ले - मोहल्ले , गली-गली में बिकने वाली अवैध शराब पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए ताकि समाज का वातावरण प्रदूषित होने एवं आए दिन शराबियों व रहवासियों के बीच होने वाले विवाद होने से बच सकें ।

इस संबंध में थाना प्रभारी राजपाल सिंह जादौन का कहना है कि शिकायत मिलने पर शराब के कारोबार में लिप्त तत्वों के विरुद्ध समय-समय पर कार्रवाई करते है   उनकी धरपकड़ की गई है और फिर से विशेष अभियान चलाकर अवैध शराब बिक्री पर पूर्णता प्रतिबंध लगाया जाएगा ।