Type Here to Get Search Results !

पाकिस्तानी एक्ट्रेस ने आर्यन के साथ रिलेशनशिप को बताया बेसलेस

मुंबई। बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान इन दिनों अपनी लव लाइफ की वजह से सुर्खियों में हैं। हाल ही में खबर आई थी कि वो पाकिस्तानी एक्ट्रेस-मॉडल सादिया खान को डेट कर रहे हैं। हालांकि सादिया ने इन अफवाहों पर रिएक्ट करते हुए इनका खंडन किया और इन्हें बेसलेस बताया है। साथ ही उन्होंने आर्यन को स्वीट और वेल-बिहेव लड़का बताया है।

दरअसल दोनों की न्यू ईयर पार्टी की एक फोटो सामने आई थी, जिसे देखने के बाद फैंस कयास लगाने लगे थे कि दोनों एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। सादिया ने इस बारे में बात करते हुए यूएई के सिटी टाइम्स से कहा, 'ये बहुत अजीब है कि कैसे लोग तस्वीर के पीछे की पूरी कहानी जाने बिना मेरे और आर्यन के बारे में बातें कर रहे हैं। खबरों के नाम पर जो कुछ भी हो रहा है, इसकी एक लिमिट होनी चाहिए।' उन्होंने खुलासा किया कि वो दोनों न्यू ईयर ईव पार्टी में मिले थे, जहां उन्होंने और लोगों की तरह ही बातें कीं और फोटोज क्लिक करवाईं।

सादिया ने आगे कहा, 'इसका मतलब ये नहीं है कि हम एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। मैं उस पार्टी में अकेली नहीं थी, जिसने आर्यन के साथ फोटोज क्लिक करवाईं। वहां बहुत से लोग थे, जिन्होंने फोटोज क्लिक कीं और उन्होंने उन्हें अपलोड भी किया, लेकिन फिर भी मैं वो हूं, जिसकी फोटोज चारों तरफ वायरल हो रही हैं।' सादिया कहती हैं, 'ये सारे रूमर्स बेसलेस हैं और मैं ये कहूंगी कि आर्यन बहुत प्यारा और बहुत अच्छा व्यवहार करने वाला लड़का है। इसलिए कृपया हमारे बारे में इन सभी बेकार अफवाहों को उड़ाना बंद करें। प्यार और सम्मान।'