गूगल से चर्च और मजार की लोकेशन सर्च कर प्लांनिग से किया जाता था माहौल खराब करने के लिए अटैक।
इटारसी/नर्मदापुरम। जिले के इटारसी और सुखतवा चर्च में आग लगाने वाले दो आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मुख्य आरोपी को नर्मदापुरम पुलिस टीम ने झांसी से गिरफ्तार किया है। 12 फरवरी को अज्ञात आरोपी द्वारा सुखतवा के चौकीपुरा चर्च में खिड़की की जाली तोड़कर चर्च में घुसकर चर्च में रखी सामग्री को जला दिया था और दीवार पर श्री राम का नाम लिख दिया था। इसके पूर्व 9 जनवरी 23 को खेडा इटारसी के ईसीआई चर्च में भी अज्ञात आरोपी द्वारा चर्च के गेट पर आग लगाने की घटना की गयी थी दोनों ही मामले गंभीर थे । घटना के बाद से एसपी डाॅ. गुरकरन सिंह द्वारा थाना इटारसी एवं केसला की 3 टीमें बनाकर अज्ञात आरोपियों कि तलाश कराई जा रही थी। पुलिस टीमों द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गये, मानवीय संसाधनों से जानकारी एकत्रित की गयी एवं तकनीकि साक्ष्य का उपयोग किया गया। 13 फरवरी को अवनीश पांडे निवासी जिला अयोध्या उत्तर प्रदेश वर्तमान निवासी रेल्वे क्वार्टर 12 बंगला इटारसी को हिरासत में लेकर सघन पूछताछ की गयी। पूछताछ पर आरोपी ने बताया कि उसका दोस्त आकाश तिवारी निवासी झांसी उ.प्र. गुगल लोकेशन पर चर्च एवं मजार की लोकेशन तथा फोटो भेजता था इसके आधार पर टारगेट करके मुख्य आरोपी अवनीश पांडे द्वारा दोनों घटनाएं की गयी थी। इस काम के लिए दोनों ही बार आरोपी अवनीश को आकाश तिवारी द्वारा आनलाईन पैसे भेजे गये थे।
एसपी ने बताया आरोपी से पूछताछ पर यह भी जानकारी प्राप्त हुयी कि समूचे घटनाक्रम के मास्टरमाईंड आकाश तिवारी द्वारा इटारसी, नर्मदापुरम तथा भोपाल के अनेक चर्च एवं मजार के लोकेशन, फोटो अवनीश पांडे को भेजे गये थे ।
दोनों ही घटनाओं में आरोपी अवनीश पांडे पिता शोभाराम पांडे उम्र 24 साल निवासी अयोध्या उ.प्र. तथा सुखतवा कि घटना में सहआरोपी शिवा राय निवासी इटारसी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिन्हें न्यायालय पेश किया जावेगा। दोनों ही घटनाओं में मास्टरमाईंड आकाश तिवारी पिता राधेश्याम तिवारी निवासी झांसी उ.प्र. को नर्मदापुरम से भेजे गये विशेष पुलिस दल के द्वारा मंगलवार सुबह हिरासत में ले लिया है। इटारसी पहुंचते ही पूछताछ कर गिरफ्तारी की जावेगी ।


