भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि शासन की योजनाओं की जानकारी नीचे धरातल स्तर तक पहुँचाये। शासन का संदेश अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, बहनों के जीवन में बदलाव लाने वाली योजना है। जिन स्थानों पर कनेक्टिविटी की समस्या है तो अन्य स्थान पर फॉर्म भरवाने के लिए बहनों के लिये वाहन की व्यवस्था की जाये। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज रतलाम में पेसा नियम मोबिलाइजर तथा मुख्यमंत्री जन-सेवा मित्रों से संवाद कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पेसा नियम जनजातीय क्षेत्रों में ग्राम सभाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहा है। सभी मोबिलाइजर का दायित्व है कि मुख्यमंत्री का संदेश गाँव-गाँव तक पहुँचाये। पेसा नियम के क्रियान्वयन में महिलाओं की भी बड़ी सशक्त भूमिका है। गाँव में आपसी छोटे-मोटे विवादों को निपटाने में पेसा नियम का लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में तेंदूपत्ता समितियों के हित में हो रहे कार्यों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने संवाद के दौरान जन-सेवा मित्रों, पेसा नियम मोबिलाइजर से फीडबेक प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं को धरातल स्तर पर उतारने में आप सबकी महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रशासन अपना काम कर रहा है। आप भी सशक्त रूप से कार्य करें।
मुख्यमंत्री श्री चौहान जन-अभियान परिषद से जुड़ी ग्राम मौलावा की झीतरीबाई मईडा, जनसेवा मित्र हरीश धाकड़ से संवाद किया। परिषद से जुड़ी बाजना विकासखंड की बालिका कविता झोर्डिया ने मुख्यमंत्री से अपनी चर्चा का आरंभ जय जोहार से किया तो मुख्यमंत्री ने भी अभिवादन के प्रत्युत्तर में जय जोहार कहा और आशीर्वाद दिया। कविता ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के प्रचार-प्रसार संबंधी अपने कार्य की जानकारी बड़े उत्साह के साथ बताई।
