Type Here to Get Search Results !

एसडीओपी सोनाली गुप्ता की नसीहत: स्टूडेंट्स रील नहीं रियल लाइफ पर ध्यान केंद्रित कर लक्ष्य हासिल करें

  • वजह: बेगमगंज सीएम राइज स्कूल में रील बनाने और दोस्तों पर धौंस जमाने छात्र घर से कट्टा-कारतूस लाया और फायर कर दिया

बेगमगंज।
शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट स्कूल में स्टूडेंट्स द्वारा अवैध कट्टे से फायर किए जाने की घटना जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसको लेकर स्कूल पहुंचकर एसडीओपी सोनाली गुप्ता एवं थाना प्रभारी राजीव उइके ने स्टूडेंट्स से रूबरू होते हुए संवाद स्थापित कर उन्हें रील नहीं रियल लाइफ के लिए गाइड किया।



एसडीओपी सोनाली गुप्ता ने स्टूडेंट्स को किसी भी प्रकार की अप्रिय घटनाओं से दूर रहकर अच्छी चरित्रवान जिंदगी जीने की सीख देते कहा कि वह रील नहीं बल्कि रीयल लाइफ जिए, जिससे जीवन संवर सके। स्टूडेंट अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर अपना लक्ष्य हासिल करें।

उन्होंने आगाह करते हुए कहा कि स्कूल में शुक्रवार को जो अप्रिय घटना हुई है, उस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति फिर ना हो इसका ध्यान स्टूडेंट एवं अभिभावकों को रखना होगा। सभी अभिभावक अपने बच्चों पर घर एवं स्कूल जाते समय विशेष ध्यान दें कि उनकी संगत उसकी आदतें एवं गतिविधियां संदिग्ध तो नहीं है। उनकी जिंदगी पर ध्यान देकर सुधार लाने की आवश्यकता है।

सभी अभिभावक बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें। उन्हें सही गलत के बारे में बताएं रील लाइफ से अपना भविष्य बर्बाद ना करें बल्कि रीयल लाइफ जीने के लिए गाइड करते रहे। उन्हें अनावश्यक मोबाइल फोन ना दें एवं उपयोग किए जा रहे फोन पर भी समय-समय पर चेकिंग करके ध्यान दें।


छात्र और उसके पिता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई

थाना प्रभारी राजीव उइके ने कहाकि स्कूल में दुखद घटना से आरोपी स्टूडेंट एवं उसके पिता पर अपराधिक प्रकरण दर्ज हो गया है। मोबाइल का दुरुपयोग करके रील बनाने के चक्कर में अवैध कट्टे से फायर करके एक स्टूडेंट की जिंदगी तो बर्बाद हो गई। साथ ही उसके पिता को इसका भुगतान भुगतना होगा। दोनों पिता-पुत्र पर मामला दर्ज होकर गिरफ्तारी हो गई है।

टीआई उइके ने चेताया कि सभी स्टूडेंट अप्रिय स्थिति से बचने के लिए अपने माता-पिता के सम्मान के लिए ऐसी गतिविधियों से बचें, जोकि आपको अपराध के दायरे में लाकर आपका जीवन बर्बाद न कर सके। माता-पिता एवं शिक्षकों को भी छात्रों पर विशेष ध्यान देना होगा ताकि उनका भविष्य खराब ना हो सके। स्कूल के टीचर्स को भी स्टूडेंट पर विशेष ध्यान देकर अनुशासन के दायरे में रखना होगा ताकि वातावरण खराब ना हो सके।                                                                                                                                                                                                              


यह था मामला-रील बनाने और धौंस जमाने छात्र ने किया फायर

बेगमगंज के सीएम राइज स्कूल में शुक्रवार 20 फरवरी को एक छात्र ने मोबाइल पर वीडियो बनाने के चक्कर में स्कूल परिसर के भीतर फायरिंग कर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी छात्र को धर दबोचा साथ ही कट्टा और खाली खोखा बरामद किया। पुलिस के अनुसार छात्र अपने साथ अवैध हथियार लेकर स्कूल पहुंचा और अवकाश के दौरान साथियों के बीच रौब जमाने और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के मकसद से फायर कर दिया। गोली की आवाज सुनते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि कोई छात्र या स्टाफ घायल नहीं हुआ। एसडीओपी सोनाली गुप्ता ने बताया कि करीब 5:30 बजे के लगभग की घटना है। सीएम राइज स्कूल प्रांगण में एक स्कूली छात्र द्वारा देशी कट्टा से हवा मै फायर किया था, छात्र से एक देशी कट्टा खाली खोखा बरामद किया है। छात्र के विरुद्ध आर्म्स एक्स के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

                                                                                                         
छात्र ने कहा घर में रखा था कट्टा, पिता बोला-खेत में मिला था

छात्र और उसके पिता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। छात्र ने बताया कि घर में कट्टा रखा था, जो उठा लाया और रील बनाने फायर किया था। वहीं पिता ने खेत में कट्टा मिलना बताया है, जिसके नाम से लाइसेंसी 12 बोर बंदूक है। ऐसे में जांच की जा रही है और कट्टा तथा कारतूस की बैलेस्टिक जांच के लिए भेजा जाएगा।

-राजीव उइके, थाना प्रभारी, बेगमगंज थाना