Type Here to Get Search Results !

पेटी में छिपने से सांसें थमीं या गोली लगी..? मालवा के कुख्यात तस्कर भय्यू लाला की मौत बनी मिस्ट्री

  • परिवार का आरोप पुलिस की मारपीट से हुई मौत, तो पुलिस ने दिखाई पीएम रिपोर्ट, जिसमें गोली लगने से मौत का दावा

मंदसौर।
मंदसौर जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र में कुख्यात तस्कर भय्यू उर्फ वाहिद लाला की संदिग्ध मौत में अब नया मोड़ आ गया है। भय्यू लाला की पीएम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है की भय्यू की मौत मारपीट या दम घुटने से नहीं हुई है बल्की भय्यू की मौत गोली लगने से हुई है। पीएम रिपोर्ट के अनुसार भय्यू को कान के पीछे शॉर्ट गन से गोली लगी है। दूसरी ओर, परिवार का कहना है कि भय्यू की मौत पुलिस की मारपीट से हुई है, क्योंकि पुलिस ने घर में दबिश देने के बाद भय्यू से मारपीट की थी।

 
शनिवार 21 फरवरी 2026 की शाम पीएम रिपोर्ट आने के बाद एडिशनल एसपी मंदसौर हेमलता कुरील ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया है। पुलिस का दावा है कि पुलिस ने जब घर पर दबिश दी थी, तब भय्यू लाला नहीं मिला था। तब ताकीद करके पुलिस टीम वापस आ गई थी। हालांकि भय्यू लाला के परिजन पुलिस से मारपीट करके हत्या करने का आरोप बीते तीन दिनों से लगा रहे थे और उच्चस्तरीय जांच की भी मांग कर रहे थे। ऐसे में पीएम रिपोर्ट ने गोली लगने के पूरे घटनाक्रम में अब नया मोड़ आ गया है और मृतक के परिजन ही कटघरे में खड़े हो गए हैं। पुलिस अब नए एंगल से पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

 


परिवार वाले पहले निजी डॉक्टर के पास ले गए थे

पुलिस की माने तो बीते बुधवार 18 फरवरी 2026 की शाम करीब 5 बजे पुलिस की दबिश के बाद भय्यू की मौत के बाद घर से परिजन भय्यू के शव को लेकर रात करीब 8 बजे तीतरोद के किसी निजी चिकित्सक के यहां इलाज करवाने गए थे। जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया था। उसके बाद परिजन शव को घर लाए और नाटकीय तरीके से शव को पलंग पर सुलाकर वीडियो बनाकर घटना के करीब 2 घंटे बाद पुलिस और अन्य लोगों को सूचना दी, जिससे परिजनों पर संदिग्धता ओर बढ़ जाती है। हालांकि लाला के पोस्टमार्टम के दौरान परिवार और बिरादरी वालों ने धरना देकर प्रदर्शन किया और पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया था। साथ ही दावा किया था कि कहीं भी गोली नहीं लगी थी।                                                                                                                                                                                                                                    
                                                        
                                                                                                
गीजर से पिस्टल बरामद, परिवार बोला-पुलिस साथ लेकर आई
पुलिस और फॉरेसिंक टीम ने कल दोपहर मृतक भय्यू लाला के घर सर्चिंग की थी। पुलिस को इस दौरान बाथरूम के गीजर पर एक अवैध पिस्टल भी रखी मिली है। हालांकि इसमें भी परिजनों का आरोप है की पुलिस ने जबरन घर के अंदर पिस्टल रखकर बरामदगी बताई है, लेकिन पुलिस के अनुसार गीजर से पिस्टल बरामद हुई है और आरोपी भय्यू लाला फरारी के दौरान हमेशा अवैध हथियार अपने साथ रखता था। ताकि वह किसी भी स्थिति में पुलिस के हाथ ना लग पाए।


मध्यप्रदेश के अलावा राजस्थान और महाराष्ट्र में वांटेड
आरोपी भय्यू लाला पर मध्यप्रदेश के साथ ही राजस्थान और महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में 19 आपराधिक प्रकरण दर्ज थे। इनमें अवैध तस्करी, एमडी ड्रग्स की सप्लाई, अवैध हथियार सहित बलवा ओर अन्य अपराध शामिल हैं। कई राज्यों की पुलिस को लंबे समय से आरोपी भय्यू लाला की तलाश थी और स्थानीय पुलिस के अलावा कई अन्य एजेंसी और पुलिस ने भय्यू लाला को पकड़ने के लिए उसके ठिकानों पर कई बार दबिश दी, लेकिन भय्यू लाला शातिर और शार्प आरोपी था, जो हमेशा पुलिस से बच निकलता था। पुलिस की माने तो आरोपी भय्यू लाला ने अपने घर में पलंग ने नीचे ओर घर के किचन में जमीन से गड्ढे खोदकर स्कीम बना रखा थी जिसमें वह पुलिस के आने पर छिप जाता था।
                                          


पेटी में छिपने से मौत की थ्योरी क्यों प्रसारित की गई

भय्यू लाला की मौत की शुरुआती वजह पलंग में बनी पेटी में छिपने के बाद सांस नहीं ले पाने से होना बताई गई थी। यही जानकारी सोशल मीडिया पर दो दिन वायरल होती रही, तब पुलिस ने भी इसका खंडन नहीं किया था। इसके बाद नाक के नीचे गोली लगने की थ्योरी पीएम के बाद सामने आई। ऐसे में पुलिस उस प्रायवेट डॉक्टर से भी पूछताछ करेगी, जिसके बाद सबसे पहले परिजन लाला को लेकर पहुंचे और मृत्यु का पता चला था।                           
                                                                                                                                                                     
परिजन के बयान और काल डिटेल्स खंगालने में जुटी पुलिस
पीएम रिपोर्ट आने के बाद अब पुलिस पूरे घटनाक्रम की नए सिरे से जांच करेगी ओर आखिर भय्यू लाला को गोली किसने मारी ओर भय्यू के परिजन पुलिस को क्यों गुमराह कर रहे थे उन सभी एंगल से जांच करेगी। बहरहाल पुलिस ने कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले है। पुलिस मृतक आरोपी की कॉल डिटेल्स ओर अन्य कई चीजें भी खंगालने में लगी है ताकि हत्या, तस्करी ओर परिवारजनों द्वारा लगाए गए सभी तरह के आरोपों का खुलासा हो सके।