- घर का रास्ता भटकी बालिका को थाने लाकर परिजनो के आने पर पहचान के बाद सौंपा गया
मंडीदीप (रायसेन)। रायसेन जिले के थाना मंडीदीप क्षेत्र में डायल-112 जवानों की संवेदनशीलता एवं तत्परता से मानसिक रूप से अस्वस्थ एक 08 वर्षीय बालिका, जो घर का रास्ता भटक गई थी, को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाया गया। समय पर की गई इस मानवीय कार्रवाई से बालिका को सुरक्षा एवं परिवार का साथ प्राप्त हो सका।

दरअसल 18 मार्च 2026 को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112, भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना मंडीदीप क्षेत्र अंतर्गत आकांक्षा कॉलोनी में एक 8 वर्षीय बालिका अकेली मिली है, जो घर का रास्ता भटक गई है। बालिका सही तरीके से कुछ बता नहीं पा रही है और मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही है। उक्त सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मंडीदीप थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरवी वाहन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुँचकर डायल-112 स्टाफ प्रधान आरक्षक महेश कुमार टेकाम एवं पायलट सौरभ द्वारा बालिका को सुरक्षित संरक्षण में लिया गया। बालिका अपने परिजनों के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी देने में असमर्थ थी। डायल-112 टीम ने आसपास क्षेत्र में पूछताछ कर परिजनों की तलाश का प्रयास किया, किंतु तत्काल कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी।
तत्पश्चात डायल-112 जवानों द्वारा बालिका को सुरक्षित रूप से थाना मंडीदीप लाया गया। कुछ समय पश्चात बालिका के परिजन उसे खोजते हुए थाना पहुंचे,जहाँ उप निरीक्षक पदमा बरकडे के द्वारा बालिका द्वारा पहचान सुनिश्चित करने के साथ ही आवश्यक सत्यापन उपरांत उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किया गया।
डायल-112 जवानों की संवेदनशील एवं समर्पित कार्यवाही से एक असहाय बालिका को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुँचाया जा सका। डायल-112 हीरोज श्रृंखला के अंतर्गत यह घटना प्रमाणित करती है कि मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा आमजन, विशेषकर बच्चों एवं जरूरतमंदों की सुरक्षा हेतु सदैव सजग, संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है। पुलिस टीम हमेशा मुस्तैद रहते हुए मदद को रहती है तैयार
मंडीदीप पुलिस टीम हमेशा चौकस रहते हुए मदद को तैयार रहती है। औद्योगिक ऐरिया होने से विशेष सतर्कता बरती जाती है। मानसिक बालिका को परिजन को सौंपने के साथ ही उसके इलाज करवाने और सुरक्षित रखने के लिए परिवार को समझाइश दी गई है।
-रंजीत सराठे, निरीक्षक/थाना प्रभारी, मंडीदीप थाना