- अचानक सीधी पहुंचे सीएम डॉ. मोहन यादव के सख्त तेवर, जनसंवाद के बाद जनप्रतिनिधियों से सीधी बात में लापरवाही के साथ ही गड़बड़ियों के खुलासे के बाद सीएम ने किया डिसीजन आन द स्पॉट
- सीधी कलेक्टर बनाए गए मुख्यमंत्री के अपर सचिव और आयुक्त, आर्थिक सांख्यिकी विकास मिश्रा का दायित्व सीधी कलेक्टर के पद से हटाए गए स्वरोचिष सोमवंशी को सौंपा गया
- गुना एसपी बनी हितिका वासल और हटाए गए एसपी अंकित सोनी हैं 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी
- आईपीएस हितिका वासल को चंद माह पूर्व ही पुलिस अधीक्षक इंदौर ग्रामीण के पद से हटाते हुए सेनानी, 15वीं वाहिनी इंदौर बनाया गया था
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को एक्शन में नजर आए। अचानक सीधी पहुंचे मुख्यमंत्री ने जनसंवाद किया और जमीनी हकीकत जानी। इसके बाद लापरवाही और अनियमितताओं पर सख्त तेवर अपनाते हुए सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी को तत्काल प्रभाव से हटाने के साथ ही सीधी के जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक पीएस धनवाल को सस्पेंड करने का फरमान सुना दिया। इसके साथ ही हवाला कांड के खुलासे के बाद और गुना पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी को भी तत्काल प्रभाव से हटा दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव अचानक सीधी पहुंचे और जनसंवाद किया। इसमें राज्य की योजनाओं की जमीनी हकीकत के बारे में जानकारी ली। साथ ही लोगों से सीधी बात करते हुए उनकी सुनवाई होने और योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में सवाल किए। इस पर सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के कलेक्टोरेट में बैठने के बजाय और जनता की सुनवाई करने के बजाय बंगले में ही रहने की शिकायत खुलकर की गई। साथ जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाए गए मुद्दे और लिखे गए पत्रों पर भी ध्यान नहीं दिए जाने के बारे में खुलकर बताया गया। वहीं प्रभावशाली लोग सीधे कलेक्टर बंगले पहुंच कर काम करवा रहे थे। इसके अलावा सीधी जिले में सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की धीमी रफ्तार और मैदान में प्रशासनिक पकड़ नहीं होने की बात सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने सख्त तेवर अपनाते हुए कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी को तत्काल हटाने का फरमान सुना दिया।
विधायक से टकराव के नतीजे में जिला सहकारी बैंक के जीएम सस्पेंड
सीधी जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक पीएस धनवाल को मुख्यमंत्री ने आर्थिक गड़बड़ियों के साथ ही किसानों की गंभीर शिकायतों के मद्देनजर तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए। धनवाल के खिलाफ कई किसानों की शिकायतें सीएम तक पहुंची थीं। वहीं सूत्रों का दावा है कि क्षेत्रीय विधायक रीति पाठक के साथ महाप्रबंधक धनवाल का बीती छमाही से विवाद सुर्खियां बना हुआ है। ऐसे में यह भी एक बड़ा कारण रहा, जिससे धनवाल को सस्पेंड किया गया। इसके पूर्व धनवाल ने ट्रांसफर होने के बाद हाईकोर्ट से स्टे ले लिया था, जिससे हटाए नहीं जा सके थे।
गुना एसपी पर हवाला कांड के 20 लाख का लेन-देन पड़ा भारी
सीधी पहुंचे मुख्यमंत्री द्वारा गुना एसपी अंकित सोनी को अचानक हटाने के पीछे एक करोड़ के हवाला कांड में लेन-देन के खुलासे के बाद कार्रवाई नहीं करना है। ज्ञात हो कि चंद रोज पहले गुजरात के व्यापारियों को हाई-वे पर गुना पुलिस ने पकड़ा और तलाशी ली, तो उनके पास एक करोड़ रुपए की नगदी मिली। हालांकि बिना किसी कार्रवाई के इसी राशि में से 20 लाख रुपए लेकर छोड़ दिया। सूत्रों का दावा है कि व्यापारियों के पक्ष में गुजरात के एक सीनियर आईपीएस ने आईजी ग्वालियर को सूचना दी, जिस पर 20 लाख रुपए गुजराती व्यापारियों को वापस करवाए गए। हालांकि एसपी अंकित सोनी ने वसूली करने वाले चार पुलिस कर्मियों को बिना कार्रवाई छोड़ दिया। इसके बाद मीडिया में खुलासा होने पर बीते शनिवार को रुठियाई पुलिस चौकी प्रभारी सहित चारों पुलिस वालों को सस्पेंड कर दिया। हाईवे पर गुना पुलिस की अवैध वसूली को लेकर लंबे समय से एक्शन नहीं लिया गया।

मुख्यमंत्री ने कलेक्ट्रेट निर्माण में देरी पर जताई नाराजगी
मुख्यमंत्री ने सीधी में निमार्णाधीन कलेक्ट्रेट भवन की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट भवन निर्माण में तेजी लाते हुये निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण किया जाये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीधी में औचक निरीक्षण के बाद स्थानीय सर्किट हाउस में आमजन एवं जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद भी किया। इस दौरान सांसद राजेश मिश्रा, विधायक सिंहावल विश्वमित्र पाठक, विधायक श्रीमती रीति पाठक के साथ ही अन्य जन प्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री यादव ने इस मौके पर साफ और सख्त लहजे में कहा कि लापरवाह अफसरों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आर्थिक गड़बड़ियों पर कड़ाई से जांच होकर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि जनहित के कामों में देरी करने वाले अफसरों को नतीजे के लिए तैयार रहना चाहिए।
आईपीएस हितिका वासल होंगी गुना की नई एसपी
आईपीएस हितिका वासल को गुना का नया एसपी पदस्थ किया गया है। इसमें खास यही कि हितिका को चंद माह पूर्व ही पुलिस अधीक्षक इंदौर (ग्रामीण) के पद से हटाते हुए सेनानी, 15वीं वाहिनी, विशेष सशस्त्र बल इंदौर पदस्थ किया गया था। इसके अलावा हितिका वासल और अंकित सोनी दोनो ही 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं।
विकास मिश्रा होंगे सीधी जिला के नए कलेक्टर
2013 बैच के आईएएस विकास मिश्रा को सीधी कलेक्टर बनाया गया है, जोकि अभी तक मुख्यमंत्री के अपर सचिव के साथ ही आयुक्त, आर्थिक सांख्यिकी के पद पर थे। साथ ही पदेन सचिव, राज्य सांख्यिकी आयोग (अतिरिक्त प्रभार) हैं। वहीं सीधी कलेक्टर के पद से हटाए गए 2012 बैच के आईएएस स्वरोचिष सोमवंशी को ओएसडी के साथ आयुक्त, आर्थिक सांख्यिकी और पदेन सचिव, राज्य सांख्यिकी आयोग (अतिरिक्त प्रभार) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।