- कामरेड होमी दाजी की जन्मशताब्दी मनाने के साथ ही मई और जून-2026 में प्रदेश के साथ ही होंगे जिला स्तरीय सम्मेलन
भोपाल। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मध्य प्रदेश राज्य परिषद की दो दिवसीय बैठक राज्य कार्यालय शाकिर सदन भोपाल में 24 और 25 मार्च को आयोजित हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में सांगठनिक मुूद्दों पर विचार विमर्श कर कार्य योजना निर्धारित हुई और विभिन्न आयोजनों का आयोजन लिया गया।

इस अवसर पर भाकपा के राष्ट्रीय सचिव कॉमरेड गिरीश शर्मा ने पर्यवेक्षक के रूप में संबोधित किया। बैठक की अध्यक्षता भाकपा की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य कॉमरेड हरिद्वार सिंह ने की। वहीं बैठक का एजेंडा राज्य सचिव कॉमरेड शैलेन्द्र शैली ने प्रस्तुत किया।
अमेरिकी साम्राज्यवाद और ट्रंप के मानवता विरोधी कामों की भर्त्सना
प्रारम्भ में भाकपा के राष्ट्रीय सचिव कॉमरेड गिरीश शर्मा ने वर्तमान वैश्विक और राष्ट्रीय राजनीतिक परिदृश्य पर भाकपा की राजनीति को स्पष्ट रूप से रेखांकित कर अमेरिकी साम्राज्यवाद और राष्ट्रपति ट्रम्प की समूची मानवता के लिए घातक प्रवृत्तियों की भर्त्सना की और ईरान के लिए भाकपा की एकजुटता को अभिव्यक्त किया। इसी तारतम्य में कॉमरेड गिरीश शर्मा ने भारत के प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के गरिमा विहीन रवैए की कड़ी आलोचना की।

संपूर्ण प्रदेश में होंगे कॉमरेड होमी दाजी की जन्म शताब्दी पर स्मृति समारोह
भाकपा द्वारा आगामी आयोजनों सम्बन्धी लिए गए निर्णयों के अनुसार अप्रैल माह में कॉमरेड होमी दाजी की जन्म शताब्दी के अवसर पर संपूर्ण मध्य प्रदेश में स्मृति समारोह आयोजित होंगे। साथ ही 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती, 22 अप्रैल को लेनिन जयंती, 1 मई को मजदूर दिवस और 5 मई को कार्ल को की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। अप्रैल और मई माह में आॅल इंडिया यूथ फेडरेशन के जिला सम्मेलन आयोजित होंगे । मई माह से कॉमरेड महेन्द्र वाजपेई की जन्म शताब्दी पर स्मृति समारोह आयोजित होंगे। मई और जून माह में भाकपा की वैचारिक कार्यशाला राज्य स्तर और जिला स्तर पर आयोजित होगी। इस आयोजनों के सम्बन्ध में राज्य परिषद के सदस्यों ने विचार विमर्श कर कार्य योजना निर्धारित की। राज्य सचिव कॉमरेड शैलेन्द्र शैली ने विभिन्न मुद्दों पर लिए गए निर्णयों को रेखांकित किया। बैठक का संचालन अध्यक्ष कॉमरेड हरिद्वार सिंह ने किया।