Type Here to Get Search Results !

सागर के गढ़ाकोटा में दरिंदगी की हद : पत्नी का गला घोट कर डॉक्टर पति ने पेट्रोल ड़ालकर कार सहित जिंदा जला दिया

  • पति-पत्नी और वो के चक्कर में उजड़ा परिवार, पुलिस ने आरोपी डॉक्टर पति सहित दो मददगारों को भी किया गिरफ्तार

सागर। सागर जिले में 3 दिन पहले कार में आग लगने से गढ़ाकोटा के डॉक्टर की पत्नी की जिंदा जलने से हुई मौत के मामले में रोंगटे खड़े कर देने वाली सच्चाई का खुलासा पुलिस ने करते हुए डॉक्टर पति सहित उसके दो मददगारों को धर दबोचा है। जालिम और अय्याश डॉक्टर पति ने अवैध संबंधों को लेकर हुई बहस के बाद पहले पत्नी का गला घोटा उसके बाद कार में पटककर ले गया और पेट्रोल डाल कर जिंदा ही जला दिया।



                                                                                                                                                                          
डॉक्टर नीलेश कुर्मी ने पत्नी सीमा को बेहोशी में जलाया

पुलिस के अनुसार गढ़ाकोटा के चिकित्सक दंपत्ति का मामला है। घटना सानौधा थाना अंतर्गत चनाटोरिया के नजदीक की है, जिसमें गढ़ाकोटा निवासी डॉ. नीलेश कुर्मी का 20 मार्च को देर रात घर आने के चलते पत्नी सीमा से विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि डाक्टर पति ने गुस्से में आकर पत्नी का गला घोट दिया। जब पत्नी के शरीर में हलचल होते नहीं दिखी, तब वह कुछ समय के लिए घबरा गया। ऐसे में फिर पत्नी को ठिकाने लगाने की तरकीब बनाते हुए आरोपी डाक्टर ने उनके मकान में किराए से रहने वाले 2 युवकों को अपने झांसे में लिया। इसके बाद कार में पीछे की सीट पर पत्नी सीमा को बैठाया। कार गढ़ाकोटा से जैसे ही चनाटोरिया पहुंची, वहां आरोपी ने अचेत पत्नी के ऊपर पेट्रोल डाला फिर आग लगा दी। धीरे धीरे कार और उसमें बैठी पत्नी जिंदा ही जल गई। इसके पूर्व ही डॉक्टर पति और उसके साथ आए रामकृष्ण कुर्मी और शुभम कुर्मी वहां से बाहर निकल आए।




मासूम बेटी से कहा- हार्ट अटैक आया है, अस्पताल ले जा रहे

इस वारदात के पूर्व चिकित्सक ने पत्नी के परिजनों को बताया कि उसे अटैक आया है, जिसे इलाज के लिए सागर के निजी अस्पताल ले जा रहे हैं। वहीं घर में मौजूद उसकी बेटी को बताया कि उसकी मां की तबीयत ठीक नहीं है। दरवाजा बंद कर लेना डाक्टर के पास लेकर जा रहे हैं। हालांकि उस बेटी को क्या पता था कि उसकी मां को उसका ही बाप दरिंदगी के साथ मौत देने वाला है।




गढ़ाकोटा की युवती से अवैध संबंधों का हो गया था खुलासा

पुलिस पूछताछ के दौरान यह सामने आया कि आरोपी डॉ. नीलेश कुर्मी गढ़ाकोटा क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली युवती के प्रेम जाल में फंसा था। वह अक्सर उसके क्लीनिक में आती रहती थी। फिर धीरे धीरे जान पहचान के बाद वह फोन पर बात करने लगे। इसकी भनक जब डाक्टर की पत्नी को लगी तो दोनों के बीच विवाद होने लगा। यहां तक कहा जा रहा है कि पत्नी सीमा ने पति की फोटो युवती के साथ देख लिए थे। नतीजे में विवाद बढ़ता गया। इसका अंजाम यह हुआ कि पति ने पत्नी की निर्दयता से जान ले ली। चिकित्सक दंपत्ति के 2 बेटा और 1 बेटी है। बड़ा बेटा हॉस्टल में रह कर पढ़ाई कर रहा है।




बेहोश पत्नी को मरी मानकर जिंदा जलाने की प्लानिंग की

हत्यारे डॉक्टर पति ने विवाद बढ़ने पर पत्नी का गला दबाया, जिससे पत्नी बेहोश हो गई। तब डॉक्टर ने चेक किया तो सांस नहीं आ रही थी, ऐसे में उसने मान लिया कि गला दबाने से पत्नी की मौत हो गई है। अब ऐसे में अगर उसे अस्पताल लेकर जाता तो फंस सकता था। तब साक्ष्यों को मिटाने उसने चलती कार में आग लगने की स्टोरी बनाई। बावजूद पुलिस की शुरुआती छानबीन में ही शंका के घेरे में आ गया और कड़ाई से की गई पूछताछ में सच उगल दिया।


बीएसएफ से ट्रेनिंग के बाद नहीं गया, पढ़ाई करके बना डॉक्टर

पुलिस के अनुसार हत्यारा पति पहले बीएसएफ की ट्रेनिंग ले चुका है, लेकिन नौकरी करने के बजाय चला आया और आगे की पढ़ाई करके डॉक्टर बन गया। बेहद शातिर दिमाग हत्यारे डॉक्टर ने अपने दोनों साथियों को पत्नी को ठिकाने लगाने के बदले 2-2 लाख रुपए देने का वादा किया था। किराएदार होने से आपस में घनिष्ट संबंध थे। पैसों के लालच में दोनों फंस गए। वहीं पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पेट्रोल भरकर लाई गई कुप्पी, माचिस घटनास्थल के समीप झाड़ियों से जप्त किया है।


अवैध संबंधों के कारण की गई पत्नी की हत्या

कार में आग लगने से महिला की मौत के मामले में मृतका के डॉक्टर पति और उसके दो साथियों को पकड़ा गया है। पूछताद में खुलासा हुआ है कि डाक्टर पति ने ही पेट्रोल डालकर अचेत पत्नी को जलाया था। पति के गढ़ाकोटा की युवती से अवैध संबंधों को लेकर कलह होती थी, जोकि घटनावाली रात ज्यादा होने पर पत्नी का गला घोटा था। इससे अचेच हुई पत्नी को किराएदारों की मदद से कार में ले गया और पेट्रोल ड़ाल कर जला दिया। मृतक की पीएम रिपोर्ट की प्रतीक्षा है।

-लोकेश सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सागर जिला

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.