- वीडियो वायरल होने के बाद इलाके की धर्मप्रेमी जनता आहत, बोली-ऐसा करने वालों पर हो सख्त कार्रवाई
- सरंपच चुनाव को लेकर पनपी रंजिश के चलते वीडियो बनाकर वायरल करने की साजिश की आशंका
सीहोर। सीहोर जिले के आष्टा के पास ग्राम बैजनाथ स्थित अंबा माता मंदिर में नवरात्र के समापन पर रातभर द्विअर्थी गानों पर अश्लील डांस होता रहा। इसका वीडियो मंगलवार को वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। दृसरी ओर, वीडियो वायरल करने की शंका पर एक युवक की जमकर पिटाई के बाद उसके मोबाइल से वीडियो डिलीट करवाने की सरगर्म चर्चाएं हैं।

मघ्यप्रदेश के सीहोर जिले सहित आसपास के जिलों में भी सुप्रसिद्ध आष्टा के नजदीकी ग्राम बैजनाथ स्थित अंबा माता मंदिर में गरबा के नाम पर अश्लीलता का नाच अब सुर्खियों में है। बता दें कि आस्था के केंद्र अंबा माता मंदिर में नवरात्र की आराधना के चलते गरबा का आयोजन किया गया था, लेकिन जब श्रद्धालु वहां परिवार के साथ पहुंचे तो शर्मनाक स्थिति का सामना करना पड़ा। रातभर मंदिर में बनाए स्टेज पर बेहद कम कपड़ों में डांसर ठुमके लगाती और यहां से वहां अश्लील हरकतें करती नाचती रहीं। हद तो यह रही कि इस दौरान फूहड़ और अश्लीलताभरे द्विअर्थी फिल्मी गाने बजाए गए, जिन पर वैसी ही उत्तेजक और आपत्तिजनक हरकतें करते हुए महिला डांसर रातभर डांस उछल-कूद मचाती रहीं।
द्विअर्थी फूहड़ गानों पर रातभर होता रहा उत्तेजक अश्लील डांस
सीहोर जिले की आष्टा तहसील के ग्राम बैजनाथ में स्थित पवित्र अंबा माता मंदिर में आस्था के नाम पर महिला नृत्य की परंपरा है। इसमें महिलाएं देवी मां के भजन गाते हुए नृत्य करती हैं और पूजा-अर्चना करती हैं। इसी के साथ हर साल गरबा भी होता है। इस साल अचानक इसमें मंदिर प्रबंधन ने बदलाव कर दिया। गरबा का नाम तो लिया गया, लेकिन गरबा हुआ नहीं, बल्कि डांस कर रही महिला नृत्यांगनाएं अश्लील और फूहड़ गानों पर रातभर मटकती और थिरकती रहीं।
चैत्र नवरात्र पर हर साल होता है पांच दिवसीय गरबा महोत्सव
वीडियो वायरल होने के बाद बैजनाथ गांव के अंबा माता के भक्तों ने बताया कि सालों से चैत्र नवरात्रि में आष्टा स्थित प्राचीन अंबा माता मंदिर में पांच दिवसीय गरबा महोत्सव होता आ रहा है। इस साल गरबा के नाम पर बेड़नियों को बुलाकर नचाने की कोई जानकारी गांववालों को नहीं दी गई। ऐसे में भक्ति पर्व पर जो कुछ भी हुआ, उसने गांव और इलाके के धर्मप्रेमियों में नाराजगी को बढ़ा दिया है।

सरपंच चुनाव की रंजिश के चलते किया वीडियो वायरल
ग्रामीणों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि सरपंच चुनाव के दौरान दो पक्षों के बीच रंजिश हो गई थी, तभी से एक-दूसरे को नीचा दिखाने के लिए हरकतें की जा रही हैं। इसी के चलते मंदिर में डांस का वीडियो नवरात्र में बनाकर अब अचानक वायरल किया गया है, जिससे गांव की छवि पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ा है।

शराबी युवक की पिटाई करके वीडियो डिलीट करवाए
अश्लील डांस के वीडियो वायरल होने के बाद मंदिर और गांव के बारे में सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। इसी दौरान गांव के नशेड़ी युवक के मोबाइल में शराब पीकर बेड़नियों के साथ नाचने के वीडियो होने की जानकारी के बाद गांववालों ने जमकर पिटाई लगा दी। इसके बाद उसके मोबाइल से वीडियो डिलीट करवा दिए गए। हालांकि इस घटना की किसी ने पुष्टि नहीं की है।