Type Here to Get Search Results !

नरसिंहपुर नगर पालिका के लोकनिर्माण शाखा का बाबू एफडीआर और पीजी राशि नहीं रोकने के बदले 25 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार

  • पेवर ब्लॉक लगाने का ठेकेदार का बिल भुगतान होने के बाद एफडीआर और पीजी राशि रोकने की धमकी देकर 15.5 प्रतिशत के हिसाब से 52 हजार रुपए घूस के मांगे
  • ठेकेदार की विनती पर 38 हजार रुपए पर ही निपटारे की सहमति बनी और इसी राशि की पहली किश्त 25 हजार रुपए लेते नगर पालिका के कंप्यूटर कक्ष में पकड़ा गया

नरसिंहपुर। नरसिंहपुर नगर पालिका की लोक निर्माण शाखा के कर्मचारी को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते लोकायुक्त जबलपुर पुलिस टीम ने रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपी ने पेवर ब्लॉक लगाने के काम का भुगतान ठेकेदार को होने के बाद भी एफडीआर और पीजी राशि निकालने में अड़चन पैदा करने के साथ ही आगे से ठेका नहीं मिलने देने की धमकी देकर रिश्वत ले रहा था।




                                                                                                                                                                                                      15.5 प्रतिशत के हिसाब से मांगी 52 हजार रुपए की घूस

इस बारे में ठेके दार भीष्म नारायण सिंह राजपूत पिता शिव नारायण सिंह राजपूत निवासी शांति नगर दमोह नाका, जिला जबलपुर ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक जबलपुर में लिखित शिकायत की। शिकायतकर्ता ठेकेदार के अनुसार नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर से 2025 में पेवर ब्लॉक लगाने का ठेका 5 लाख 66 हजार 81 रुपए में मिला था। पेवर ब्लॉक लगाने के बाद 2 लाख रुपए से ज्यादा का पहले और फिर बाद में 3 लाख 39 हजार रुपए का भुगतान मिल गया था। बावजूद इसी राशि का 15.5 प्रतिशत के हिसाब से 52 हजार रुपए की रिश्वत नगर पालिका कर्मचारी मांग रहा था। नहीं देने पर 50 हजार रुपए की एफडीआर और पीजी राशि रिलीज नहीं होने देने की धमकी दे रहा था।


शिकायत सही पाए जाने के बाद बनाई गई ट्रैप टीम

नगर पालिका कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत का सत्यापन पुलिस अधीक्षक अंजू पटले ने करवाया, जिसमें पुष्टि हुई। नगर पालिका का कर्मचारी 52 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था, जोकि बातचीत के बाद 38 हजार रुपए पर सहमति बन गई। अब यह रिश्वत ठेकेदार को देने जाना था। इस पर रिश्वतखोर बाबू को पकड़ने के लिए पुलिस अधीक्षक अंजू पटले ने ट्रैप टीम बनाई, जिसमें ट्रेप टीम प्रभारी निरीक्षक राहुल गजभिए, टीएलओ निरीक्षक बृज मोहन सिंह नरवरिया सहित अन्य स्टाफ को शामिल किया गया।


कंप्यूटर कक्ष में आराम से रिश्वत ले रहा था बाबू

लोकायुक्त ट्रैप टीम ने रिश्वत आदान-प्रदान के हिसाब से नगर पालिका परिषद नरसिहंपुर की घेराबंदी कर ली। इसके बाद ठेकेदार को 25 हजार रुपए की रिश्वत सहित भेजा गया। इसके बाद जैसे ही कंप्यूटर कक्ष में आरोपी लोक निर्माण शाखा के लिपिक संजय कुमार तिवारी पिता स्व. अनंदी लाल तिवारी ने ली, वैसे ही लोकायुक्त टीम ने धर-दबोचा। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन) 2018 की धारा-7,13(1) इ, 13 (2) के अंतर्गत कार्यवाई की गई।


मामले की जांच जारी, सभी संबंधितों की होगी छानबीन

नगर पालिका क्षेत्र में सिविल वर्क से जुड़ी भुगतान वाली फाइलों से जुडेÞ सभी कर्मचारियों अधिकारियों की छानबीन होगी। इसमें पेमेंट के बाद एफडीआर और पीजी राशि को कितने मामलों में रोका गया और इसके लिए जिम्मेदार कर्मचारियों से पूछताछ भी होगी।

-अंजू पटले,
पुलिस अधीक्षक, लोकायुक्त जबलपुर

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.