- ऑल डिपार्टमेंट आउटसोर्स संयुक्त संघर्ष मोर्चे के प्रांतीय संयोजक मनोज भार्गव एवं महामंत्री दिनेश सिसोदिया ने मुख्यमंत्री व श्रम मंत्री से हस्तक्षेप कर म.प्र. के श्रमिकों का मिनिमम बेजेस केन्द्र के श्रमिकों के समान दोबारा रिवाईज़ किये जाने की मांग की
भोपाल। वर्तमान माह अप्रैल 2026 से जहाँ हरियाणा, उ.प्र. व केन्द्र सरकार ने आउटसोर्स कर्मियों व श्रमिकों के न्यूनतम वेतन में 30 से 35 प्रतिशत बढ़ोत्तरी की है, वहीं म.प्र. के लाखों आउटसोर्स श्रमिक का मिनिमम बेजेस माह अप्रैल से मात्र दो से ढाई प्रतिशत 275 रू. प्रतिमाह बढ़ाया गया है। इससे म.प्र. अन्य राज्यों की तुलना में अंतिम पायदान पर है। इस बारे में ऑल डिपार्टमेंट आउटसोर्स संयुक्त संघर्ष मोर्चे के प्रांतीय संयोजक मनोज भार्गव एवं महामंत्री दिनेश सिसोदिया ने मुख्यमंत्री व श्रम मंत्री से हस्तक्षेप कर म.प्र. के श्रमिकों का मिनिमम बेजेस केन्द्र के श्रमिकों के समान दोबारा रिवाईज़ किये जाने की मांग की है।

श्री भार्गव का कहना है कि जहाँ उ.प्र. के अकुशल आउटसोर्स कर्मी 13690 रु. हरियाणा में 15220 रु. केन्द्र सरकार में 18018 रु. न्यूनतम वेतन पा रहे है, जबकि उसकी तुलना में म.प्र. के अकुशल श्रमिक मात्र 12425 रु. प्रतिमाह वेतन पा रहे हैं। इसी प्रकार उ.प्र. में अर्द्धकुशल श्रमिक 15059 रु., हरियाणा में 16780 रु., व केन्द्र सरकार के श्रमिक 21502 रु. न्यूनतम वेतन पा रहे हैं, तो उसकी तुलना में म.प्र. के अर्द्धकुशल श्रमिक मात्र 13421 रु. न्यूनतम वेतन पा रहे हैं। इसी तरह उ.प्र. के कुशल श्रमिक 16868 रु., हरियाणा में 18500 रु. व केन्द्र के श्रमिक 25064 रु. न्यूनतम वेतन पा रहे हैं, तो उसकी तुलना में म.प्र. के कुशल श्रमिक मात्र 15144 रु. न्यूनतम वेतन इस अप्रैल माह से पायेंगे।
श्री भार्गव ने हैरानी जाहिर की कि जहाँ अप्रैल 2026 में मंहगाई अपने चरम पर है, तब म.प्र. के श्रमायुक्त ने 1 अप्रैल 2026 से सभी श्रेणी के श्रमिकों का न्यूनतम वेतन मात्र दो से ढाई प्रतिशत बढ़ाते हुये केवल 275 रु. प्रतिमाह की बढ़ोतरी हर श्रेणी में की है। म.प्र. के अकुशल श्रमिकों का वेतन अप्रैल माह से 12150 रु. की जगह 12425 रु., अर्द्धकुशल का 13146 रु. से बढ़ाकर 13421 रु. एवं कुशल श्रेणी का 14869 रु. से बढ़ाकर 15144 रु. किया गया है, जो ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। श्री भार्गव ने चेतावनी दी कि यदि म.प्र. के श्रमिकों का न्यूनतम वेतन केन्द्र के समान नहीं किया गया तो म.प्र. के लाखों श्रमिक आन्दोलन करने पर विवश होंगे।
केन्द्र का मिनिमम बेजेस (रू.में)
अकुशल – 18018
अर्द्धकुशल – 21502
कुशल – 25064
हरियाणा का मिनिमम बेजेस (रू.में)
अकुशल – 15220
अर्द्धकुशल – 16780
कुशल – 18500
उ.प्र. का मिनिमम बेजेस (रू.में)
अकुशल – 13690
अर्द्धकुशल – 15059
कुशल – 16868
म.प्र. का मिनिमम बेजेस (रू.में)
अकुशल – 12425
अर्द्धकुशल – 13421
कुशल – 15144