- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से कर्मचारी एवं शिक्षक संघ की महत्वपूर्ण भेंट
भोपाल। भारतीय मजदूर संघ के साथ मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ एवं शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से महत्वपूर्ण भेंट कर कर्मचारियों एवं शिक्षकों की लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक अत्यंत सकारात्मक रही तथा कई महत्वपूर्ण मांगों पर मुख्यमंत्री ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

प्रतिनिधिमंडल में भारतीय मजदूर संघ के महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर, मप्र राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत श्रीवास्तव, प्रदेश महामंत्री जितेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष जितेंद्र शाक्य, मप्र शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष छत्रवीर सिंह राठौड़, संगठन मंत्री राजीव शर्मा एवं जिला सचिव भोपाल बालेंदु सिंह उपस्थित रहे।

बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय
✅ शिक्षकों की टेट परीक्षा को लेकर शासन रिव्यू पिटीशन दायर करेगा। पात्र शिक्षकों को परीक्षा की तैयारी हेतु भी शासन स्तर पर सहयोग मिलेगा।
✅ अध्यापक संवर्ग की नियुक्ति तिथि पर अधिकारियों से चर्चा उपरांत शीघ्र निर्णय लिया जाएगा।
✅ कर्मचारियों की वेतन विसंगतियों के निराकरण हेतु कर्मचारी आयोग का गठन शीघ्र होगा।
✅ दो संतान की बाध्यता संबंधी आदेश को शीघ्र निरस्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ होगी।
✅ कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना शीघ्र लागू करने के निर्देश जारी किए गए।
मुख्यमंत्री ने इन सभी विषयों के त्वरित निराकरण हेतु अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। यह भेंट कर्मचारियों एवं शिक्षकों के हितों की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल सिद्ध होगी।