- मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी एवं शिक्षक संघ के प्रतिनिधि मंडल की प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री से सुप्रीम कोर्ट में सरकार की ओर से पेश होने वाले जवाब को लेकर वार्ता
भोपाल। मध्यप्रदेश के शालेय शिक्षा मंत्री राव उदयप्रताप सिंह ने कहा है कि टीईटी के मामले में सरकार शिक्षकों के साथ है और विधि सम्मत कार्रवाई होगी। शिक्षकों के पक्ष में सरकार खड़ी है और सुप्रीम कोर्ट में विधिसम्मत जवाब के लिए गहनता से विचार होगा।

शिक्षा मंत्री ने यह आश्वासन बुधवार को दिया, जोकि भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर, मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष क्षत्रवीर सिंह राठौड़, मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत श्रीवास्तव एवं प्रदेश महामंत्री जितेंद्र सिंह के प्रतिनिधि मंडल के साथ चर्चारत थे।

इस मौके पर प्रतिनिधि मंडल ने संयुक्त रूप से शिक्षा मंत्री से टीईटी के विषय प्रदेश के शिक्षकों का पक्ष रखा तथा सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट मे पक्ष रखने का आग्रह किया। इस पर शिक्षा मंत्री ने अश्वस्त किया कि सरकार शिक्षकों के साथ है, हम शिक्षकों के पक्ष में पूरी तरह से खड़े हुए हैं, तकनीकी एवं विधि सम्मत कार्यवाही की प्रकिया के उपरांत सरकार शीघ्र ही सुप्रीम कोर्ट में प्रदेश के शिक्षको का पक्ष रखेगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार जल्दबाजी में कोई भी शिक्षकों के विपरीत निर्णय नहीं करेगी।
इस पर राज्य कर्मचारी संघ एवं शिक्षक संघ ने भी प्रदेश के समस्त शिक्षकों की ओर से सरकार को विश्वास दिलाया कि जब तक सरकार हमारे साथ है, शिक्षको को चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है।