Type Here to Get Search Results !

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कर्मचारियों की गेट मीटिंग में जबर्दस्त नारेबाजी, मेडिकल भत्ता में बढ़ोतरी सहित 15 मांगें

भोपाल। मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कर्मचारियों ने मेडिकल भत्ते में बढ़ोतरी सहित 15 सूत्री मांगों को लेकर गुरुवार को दोपहर में गेट मीटिंग की। इस दौरान कर्मचारियों ने जबर्दस्त नारेबाजी करते हुए मांगों की पूर्ति नहीं होने पर बोर्ड के गेट पर तालाबंदी तक का अल्टीमेटम दे दिया।
 


मध्यप्रदेश लघुवेतन कर्मचारी संघ के प्रांत अध्यक्ष महेंद्र शर्मा की अगुवाई में कर्मचारियों ने गुरुवार दोपहर को अपनी मांगों को लेकर गेट मीटिंग की। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई। कर्मचारियों ने अपनी मांगें गिनाते महंगा इलाज होने से चिकित्सा भत्ता में बढ़ोतरी की मांग की। साथ ही समय पर समयमान वेतनमान के आदेश जारी नहीं करना, वरिष्ठता सूची का निर्धारण नहीं करना और समय-समय पर बोर्ड की बैठक में तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की मांगों के संबंध में कोई प्रस्ताव ना लाने को लेकर जमकर नारेबाजी की गई।

इस मौके पर संघ के प्रांताध्यक्ष महेंद्र शर्मा ने चेताया कि यदि बोर्ड प्रशासन ने चर्चा के लिए कर्मचारी प्रतिनिधियों को नहीं बुलाया एवं मांगों का निराकरण नहीं किया तो उग्र आंदोलन होगा। गेट मीटिंग को संबोधित करने वालों में निहाल सिंह जाट, महेंद्र सिंह बघेल, कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर भार्गव, प्रांतीय सचिव प्रमोद उपाध्याय, दिनकर राव, जिला अध्यक्ष राम कुंडल सेन, कोमल सिंह दुगना आदि शामिल रहे।