Type Here to Get Search Results !

पनकी (कानपुर) स्थित इंडियन आइल डिपो के वाल्व काट कर करते थे तेल चोरी, टैंकरों में भरने के बाद हो जाते थे रफूचक्कर

  • थाना पनकी पुलिस द्वारा तेल चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, 4 अभियुक्त गिरफ्तार 

कानपुर  ( वेद गुप्ता )।  थाना पनकी पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि इंडियन ऑयल डिपो के पास स्थित एक हातें में कुछ संदिग्ध व्यक्ति टैंकरों से तेल चोरी कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां चार व्यक्तियों को तेल चोरी करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।



गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में अपने नाम शेख शाहीन उर्फ भानु, रोहित सैनी, आशीष कुमार श्रीवास्तव एवं पुष्पेंद्र सिंह चंदेल बताए। अभियुक्तों ने बताया कि इंडियन ऑयल डिपो से निकलने वाले टैंकरों को योजनाबद्ध तरीके से हाते तक लाया जाता था, जहां गैस कटर से वाल्व का ताला काटकर पाइप के माध्यम से तेल चोरी की जाती थी। इसके बाद टैंकरों को उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया जाता था।

पूछताछ में यह भी प्रकाश में आया कि इस पूरे गिरोह में टैंकर चालक, वाहन स्वामी तथा शेख शाहीन उर्फ भानु एवं उसके पिता वकील अहमद की मुख्य भूमिका थी। अभियुक्त ड्राइवरों को लालच देकर इस अवैध कार्य में शामिल करते थे तथा चोरी किए गए तेल को अधिक कीमत पर बेचते थे।

पुलिस द्वारा मौके से एक टैंकर, तेल चोरी में प्रयुक्त उपकरण, पाइप एवं लगभग 50 लीटर निकाला गया ज्वलनशील पदार्थ बरामद किया गया। टैंकर में लगभग 20,000 लीटर ज्वलनशील पदार्थ मौजूद था। मुख्य आरोपी वकील अहमद मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

गिरफ्तार अभियुक्त शेख शाहीन उर्फ भानु का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।