Type Here to Get Search Results !

छिंदवाड़ा--भैय्याजी उर्स में एक साथ पढ़े गए 17 निकाह: 15 साल से जारी है नि:शुल्क सामूहिक विवाह की परंपरा

  • सभी निकाह पूरी तरह नि:शुल्क कराए गए और दूल्हा-दुल्हन पक्ष से किसी भी प्रकार की राशि नहीं ली गई

छिंदवाड़ा (फरहान खान)।  हजरत भैय्याजी अताउल्लाह शाह र.अ. के 104वें सालाना उर्स मुबारक के मौके पर शुक्रवार रात भैय्याजी ग्राउंड में 17 जोड़ों का इज्तेमाई निकाह (सामूहिक विवाह) संपन्न कराया गया। एक साथ 17 निकाह पढ़े जाने के दौरान पूरा पंडाल दुआओं और मुबारकबादों से गूंज उठा। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।



हजरत भैय्याजी अताउल्लाह शाह र.अ. उर्स कमेटी की ओर से पिछले 15 वर्षों से लगातार सामूहिक निकाह का आयोजन कराया जा रहा है। हर साल भैय्याजी के उर्स के मौके पर यह कार्यक्रम आयोजित होता है, जिसमें जरूरतमंद परिवारों के बच्चों का निकाह सादगी और सम्मान के साथ कराया जाता है। खास बात यह रही कि सभी निकाह पूरी तरह नि:शुल्क कराए गए और दूल्हा-दुल्हन पक्ष से किसी भी प्रकार की राशि नहीं ली गई।



आयोजन स्थल को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया था। निकाह की रस्में रात करीब 9 बजे शुरू हुईं, जिसके बाद दुआ और मुबारकबाद का सिलसिला चलता रहा। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कमेटी की इस सामाजिक पहल की सराहना की।

उर्स कमेटी के सदर हाजी जमालुद्दीन (लाल साहब) ने बताया कि सामूहिक निकाह का उद्देश्य समाज में सादगी, भाईचारा और जरूरतमंद परिवारों की मदद करना है। उन्होंने कहा कि बढ़ते शादी खर्च के दौर में यह पहल कई परिवारों के लिए राहत बन रही है।



उर्स के तहत शनिवार 23 मई को भी सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्ष हाजी अहबाब उद्दीन ने बताया कि सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलने वाले नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में लोगों की मुफ्त स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा। इसके साथ ही जरूरतमंद लोगों को व्हीलचेयर, ट्राईसाइकल, कान की मशीन, वॉकर और विकलांग स्टिक सहित अन्य सहायक उपकरण नि:शुल्क वितरित किए जाएंगे। वहीं ब्लड डोनेशन कैंप भी लगाया जाएगा, जहां लोग स्वेच्छा से रक्तदान कर सकेंगे। रात में कव्वाली कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।


इज्तेमाई निकाह के मौके पर विशेष रूप से सभी धर्मों के धर्मगुरु, अंजुमन सदर अमसाल खान, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे, कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश कपाले, नगर निगम अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनू मागो, आनंद बक्शी और शहर और शहर के आस पास से आये गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।