Type Here to Get Search Results !

मप्र राज्य कर्मचारी संघ: मां रेवा की पावन धरती अमरकंटक में गूंजा कर्मचारी एकता का स्वर

  • मप्र राज्य कर्मचारी संघ का दो चरणों में आयोजित अभ्यास वर्ग सफलतापूर्वक सम्पन्न
  • आगामी रणनीति, कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न विषयों, सेवा संबंधी समस्याओं, संगठन विस्तार एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत मंथन किया गया

अमरकंटक। मप्र राज्य कर्मचारी संघ का दो चरणों में आयोजित अभ्यास वर्ग सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ । अभ्यास वर्ग का प्रथम चरण गत माह भोपाल में आयोजित किया गया था, जबकि द्वितीय चरण 2 एवं 3 मई 2026 को मां रेवा के पावन उद्गम स्थल अमरकंटक में सम्पन्न हुआ।



दोनों चरणों में संगठन की आगामी रणनीति, कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न विषयों, सेवा संबंधी समस्याओं, संगठन विस्तार एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत मंथन किया गया। साथ ही संघ की विस्तृत रीति-नीति, संगठनात्मक कार्यपद्धति एवं कर्मचारी हित संरक्षण के उद्देश्यों की जानकारी कार्यकर्ताओं को प्रदान की गई।

अभ्यास वर्ग में कार्यकर्ताओं को सदस्यता अभियान किस प्रकार चलाया जाए, प्रभावी पत्राचार कैसे किया जाए, कर्मचारी हितों के आंदोलनों का संचालन किस प्रकार हो, संगठनात्मक आयोजन कैसे आयोजित किए जाएं तथा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का प्रवास कब एवं किस प्रकार होना चाहिए, इन सभी विषयों पर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया गया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष हेमंत श्रीवास्तव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की एकता, सक्रियता एवं कर्मचारी हितों की रक्षा हेतु निरंतर संघर्षरत रहने का आह्वान किया।



प्रदेश महामंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि अभ्यास वर्ग में संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने, कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के निराकरण तथा आगामी समय में कर्मचारी हितों के लिए प्रभावी आंदोलन एवं संवाद की रणनीति तैयार की गई।

मां नर्मदा के उद्गम स्थल की आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी वातावरण में आयोजित यह अभ्यास वर्ग संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायी सिद्ध हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश, संभाग एवं जिला स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।