Type Here to Get Search Results !

डीएम की कलाई पर छात्राओं ने बांधी राखी, उपहार के साथ मिला सफलता का मंत्र

  • ऑक्सफोर्ड मॉडल स्कूल की छात्राओं व शिक्षिकाओं ने कलेक्ट्रेट में मनाया रक्षाबंधन, 
  • जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने छात्राओं को उपहार देकर बढ़ाया उत्साह
कानपुर नगर।  रक्षाबंधन के अवसर पर मंगलवार को ऑक्सफोर्ड मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राएं और शिक्षिकाएं कलेक्ट्रेट सभागार पहुंचीं और जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह को राखी बांधी। छात्राओं ने आरती उतारकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। जिलाधिकारी ने छात्राओं को उपहार दिए और उनसे संवाद करते हुए पढ़ाई, संस्कार और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।


इल्तिज़ा, अपूर्वा, सानिया, अवनी, अन्वी, अवनी सहित अन्य छात्राओं ने एक-एक कर जिलाधिकारी को राखी बांधी। विद्यालय की शिक्षिका अनुराधा, रीना और सुनीता सहित अन्य शिक्षिकाओं ने भी राखी बांधकर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान डीएम ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई और भविष्य को लेकर बातचीत की और लक्ष्य तय कर पूरी मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह और विश्वास के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने वाला पर्व है। ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय परंपराओं को समझने और उनसे जुड़े रहने का अवसर देते हैं। हमारी सांस्कृतिक परंपराएं पीढ़ी दर पीढ़ी इसी तरह आगे बढ़ती हैं।


छात्राओं से संवाद में डीएम ने कहा कि वे अपना पूरा ध्यान पढ़ाई पर केंद्रित करें और मेहनत व लगन से अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें। सफलता के साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन और संवेदनशीलता भी जरूरी है। अपने माता-पिता का नाम रोशन करने के साथ समाज को साथ लेकर आगे बढ़ने की सोच भी विकसित करें।

जिलाधिकारी ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना करते हुए उन्हें अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं और शिक्षिकाओं ने भी रक्षाबंधन के इस आयोजन को लेकर प्रसन्नता जताई।

रक्षा-सूत्र के साथ बहन को दें ‘सुरक्षा कवच’, डीएम ने भाइयों को लिखा पत्र
  • रक्षाबंधन पर विशेष अपील, 14 से 15 वर्ष की बहनों को एचपीवी वैक्सीन लगवाकर सर्वाइकल कैंसर से बचाव में बनें सहभागी
रक्षाबंधन पर बहन से रक्षा-सूत्र बंधवाने के साथ भाई उसकी सेहत की रक्षा की जिम्मेदारी भी उठाएं। घर में 14 से 15 वर्ष की बहन है तो उसे एचपीवी वैक्सीन लगवाकर सर्वाइकल कैंसर से बचाव का ‘सुरक्षा कवच’ दें। रक्षाबंधन से पहले जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने जनपद के भाइयों को पत्र लिखकर यह खास अपील की है।

जिलाधिकारी ने कहा है कि जिस तरह बहनें भाइयों की रक्षा के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर उनकी कलाई पर रक्षा-सूत्र बांधती हैं, उसी तरह भाई भी बहनों की सुरक्षा के लिए आगे आएं। इस रक्षाबंधन दूसरे उपहारों के साथ बहनों को स्वस्थ भविष्य का उपहार दें और पात्र बहनों का निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण कराएं।

जनपद में अब तक करीब 44 हजार किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन का सुरक्षा कवच दिया जा चुका है। अभी 14 से 15 वर्ष आयु की करीब 16 हजार किशोरियों का टीकाकरण शेष है। पात्र किशोरियों के लिए वैक्सीनेशन पूरी तरह निःशुल्क है और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध है।

जिलाधिकारी ने अपने पत्र की शुरुआत ‘प्रिय बहनों व भाइयों’ के संबोधन के साथ रक्षाबंधन से जुड़े संस्कृत श्लोक ‘येन बद्धो बलि राजा दानवेन्द्रो महाबलः...’ से की है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय सांस्कृतिक परंपरा में भाई-बहन के अटूट बंधन को स्नेह के धागों से जोड़ने के साथ परस्पर सुरक्षा का भी पर्व है।

उन्होंने जनपदवासियों से इस रक्षाबंधन पर बहनों की स्वास्थ्य रक्षा को उत्सव का हिस्सा बनाने का आह्वान किया है। एचपीवी टीकाकरण अभियान के नोडल अधिकारी उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.पी. यादव हैं। टीकाकरण से संबंधित जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9453229491 पर संपर्क किया जा सकता है।