Type Here to Get Search Results !

फार्मासिस्ट भर्ती, सेवा एवं विनियम के नए प्रावधानों को मध्य प्रदेश में शीघ्र लागू करने की मांग

  • भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध स्टेट फार्मासिस्ट एसोसिएशन के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. राजेंद्र शुक्ल से चर्चा की
भोपाल।  मंत्रालय (वल्लभ भवन) में मध्य प्रदेश में कार्यरत फार्मासिस्टों की न्यायसंगत मांगों के त्वरित निराकरण के संबंध में भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध स्टेट फार्मासिस्ट एसोसिएशन के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. राजेंद्र शुक्ल से सौहार्दपूर्ण वातावरण में चर्चा की।


प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर एवं प्रदेश मंत्री राजन नायर (प्रदेश संयोजक, स्टेट फार्मासिस्ट एसोसिएशन) ने किया। इस दौरान एसोसिएशन प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह कुशवाहा, प्रदेश महामंत्री चंद्रकांत सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने भारत सरकार के राजपत्र (दिनांक 10 जून 2026) में अधिसूचित फार्मासिस्ट भर्ती, सेवा एवं विनियम के नए प्रावधानों को मध्य प्रदेश राज्य में शीघ्र लागू करने का प्रमुख मुद्दा उठाया।

प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि इन नियमों के लागू होने से प्रदेश के फार्मासिस्टों के कैडर पुनर्गठन, पदोन्नति, सेवा शर्तों में सुधार और शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में व्यापक सुधार होगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा फार्मासिस्टो के ग्रेड पे उन्नयन हेतु लिए जा चुके विभागीय निर्णय, पदनाम फार्मेसी आॅफिसर करने एवं अन्य फामेर्सी से जुड़े विषयो पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।

उप मुख्यमंत्री शुक्ला ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को बेहद ध्यानपूर्वक सुना और केंद्र सरकार द्वारा जारी राजपत्रित नियमों के अध्ययन एवं राज्य में इसके यथाशीघ्र लागू कराने विषयक चर्चा हेतु विभाग के प्रमुख सचिव की उपस्थिति में अगली बैठक आयोजित करने हेतु निर्देश दिए गए।