Type Here to Get Search Results !

टाइम्स सम्मान में कानपुर के 15 पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान


कानपुर । छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में आयोजित टाइम्स सम्मान-2026 कार्यक्रम में कानपुर कमिश्नरेट के 15 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विभिन्न श्रेणियों में जनसेवा, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा और साहसिक कार्यों के लिए पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया।


कार्यक्रम में मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन, पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल, अपर पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा और डॉ. विपिन ताडा, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और विश्वविद्यालय के कुलपति विनय पाठक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

राज्यपाल ने पुलिसकर्मियों के सेवाभाव और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान जब लोग अपने घरों में उत्सव मनाते हैं, तब पुलिसकर्मी सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहते हैं। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने सम्मानित कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे सम्मान पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।



सम्मानित होने वालों में अपर पुलिस उपायुक्त स्नेहा तिवारी शामिल रहीं, जिन्होंने 161 गुमशुदा बच्चों की बरामदगी और 510 पारिवारिक मामलों में काउंसलिंग में योगदान दिया। उपनिरीक्षक अमित फौजदार ने 113 चोरी के मोबाइल बरामद कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया। उपनिरीक्षक संकित तोंगड़ ने हत्या के मामले में 24 घंटे के भीतर दो आरोपितों को पकड़ा। निरीक्षक अभय प्रताप सिंह ने दुबई फरार आरोपित को हैदराबाद से गिरफ्तार कर 65 लाख रुपये बरामद किए।

इसके अलावा 25 साल से फरार 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी को पकड़ने वाले निरीक्षक विनीत कुमार, करीब दो करोड़ रुपये का गांजा बरामद करने वाले उपनिरीक्षक मंगल सिंह और जलती बस से लगभग 45 यात्रियों को बचाने वाले आरक्षी पुष्पेंद्र कुमार को भी सम्मानित किया गया।



अन्य सम्मानित कर्मियों में राकेश कुमार सिंह, जय सिंह, पंकज कुमार, अल्पी सिंह, प्रभात मिश्रा, सुमन, सिद्धांत सेठ और अग्निशमन विभाग के लीडिंग फायरमैन सिद्धनाथ सिंह शामिल रहे।