Type Here to Get Search Results !

मवई गांव में दर्दनाक हादसा: बैल के हमले में 18 वर्षीय युवती की मौत, गांव में पसरा मातम

बेगमगंज । सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मवई में एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई। घर में बंधे बैल के हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।


मृतका की पहचान ग्राम मवई निवासी बैनी प्रसाद लोधी की 18 वर्षीय पुत्री साधना लोधी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात घर में बंधे बैल ने अचानक साधना पर हमला कर दिया। युवती की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे आनन-फानन में सिविल अस्पताल सिलवानी ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर सुल्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची। सहायक उपनिरीक्षक हरिओम चौबे ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने पंचनामा तैयार किया और शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है। घटना से गांव में शोक का माहौल है।