Type Here to Get Search Results !

रात्रिकालीन निरीक्षण में स्वच्छता एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर दिए निर्देश

कानपुर (वेद गुप्ता)।  जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन द्वारा रात्रिकालीन भ्रमण के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था, कूड़ा उठान एवं निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। अधिकारियों द्वारा संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा निर्माण कार्यों में निर्धारित गुणवत्ता एवं मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


निरीक्षण के क्रम में गोविंद नगर स्थित पुराने पुल के समीप कच्ची बस्ती में बने गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट (GVP) का निरीक्षण किया गया। मौके पर अवगत कराया गया कि मालिन बस्ती से प्रतिदिन लगभग 02 टाटा ऐस वाहनों के माध्यम से करीब 02 मीट्रिक टन कूड़ा उक्त स्थल पर लाया जाता है। जिलाधिकारी द्वारा कूड़ा निस्तारण एवं स्थल की स्वच्छता व्यवस्था की नियमित निगरानी हेतु एक कर्मचारी की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मौके पर रखी पुरानी हैंडकार्ट को तत्काल डिस्पोज कराने तथा स्थल पर पुनः कूड़ा एकत्रित न हो, इसके लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कच्ची बस्ती की ओर से कूड़ा दिखाई न दे, इसके लिए आवश्यकतानुसार व्यू कटर लगाए जाने के निर्देश भी दिए गए।


इसके पश्चात गोविंद नगर स्थित नटराज सिनेमा के आगे फल मंडी के समीप चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। मौके पर उपस्थित अधिशासी अभियंता द्वारा अवगत कराया गया कि यह क्षेत्र अत्यंत व्यस्ततम मार्केट क्षेत्र है, जहां देर रात्रि तक राहगीरों एवं वाहनों का आवागमन बना रहता है। आवागमन कम होने के उपरांत ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाता है। मौके पर निर्माण सामग्री तथा निर्माण कार्य में प्रयुक्त होने वाले वाहन एवं प्लांट की सामग्री उपलब्ध पाई गई।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा उक्त व्यस्त मार्केट क्षेत्र में नाइट स्वीपिंग की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए जाने के निर्देश दिए गए। मौके पर अवगत कराया गया कि क्षेत्र में नाइट स्वीपिंग पूर्व से कराई जा रही है, जिस पर जिलाधिकारी द्वारा इसकी नियमितता एवं प्रभावशीलता बढ़ाते हुए रात्रिकाल में बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।



अधिशासी अभियंता द्वारा अवगत कराया गया कि उक्त मार्ग लगभग 03 किलोमीटर लंबा है, जिसमें प्रथम 1.5 किलोमीटर के मार्ग पर 04 पैच, प्रत्येक पैच की लंबाई 10 मीटर, तथा दूसरे 1.5 किलोमीटर के मार्ग पर 03 पैच, प्रत्येक पैच की लंबाई 10 मीटर, के रूप में पैच कार्य कराया जाना प्रस्तावित है। जिलाधिकारी द्वारा निर्माण कार्य में गुणवत्ता, निर्धारित मानकों एवं तकनीकी विशिष्टताओं का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।