Type Here to Get Search Results !

कानपुर मेट्रो: बाल दिवस की पूर्वसंध्या पर बच्चों ने मेट्रो जॉयराइड का लिया आनंद; ट्रेन के अंदर क्विज सहित विविध गतिविधियों का आयोजन

कानपुर ।  कानपुर मेट्रो ने बाल दिवस की पूर्वसंध्या पर रायमा डांस एकेडमी और समर्थ कोचिंग सेंटर के सहयोग से बच्चों के लिए विशेष मेट्रो जॉयराइड का आयोजन किया। गुब्बारों से सजे मेट्रो कोच में बच्चों के लिए क्विज प्रतियोगिता सहित कई रोचक गतिविधियां आयोजित की गईं। बच्चों ने बाल दिवस पर आकर्षक पोस्टर्स बनाए और ट्रेन के अंदर बाल गीतों एवं कविताओं का पाठ भी किया। उल्लेखनीय है कि बाल दिवस के अवसर पर नवंबर माह में शहर के विभिन्न विद्यालयों के सहयोग से लगातार शैक्षणिक भ्रमण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।


बाल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित आज के विशेष कार्यक्रम की शुरुआत शाम लगभग 4:30 बजे मोतीझील मेट्रो स्टेशन से हुई। इस अवसर पर मेट्रो कोच को विशेष रूप से सजाया गया था। बच्चों ने ट्रेन के अंदर सामान्य ज्ञान पर आधारित क्विज प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के बाद बच्चों ने बाल दिवस की थीम पर पोस्टर्स बनाए। मेट्रो यात्रा के दौरान बच्चों ने अपनी संगीत प्रतिभा का परिचय देते हुए बाल गीतों और कविताओं की प्रस्तुतियां भी दीं। मोतीझील से आईआईटी और वहां से बड़ा चौराहा तक की मेट्रो यात्रा पूरी होने के बाद क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। साथ ही, सभी प्रतिभागियों को स्नैक बॉक्स भी वितरित किए गए।


विद्यालयों के लिए आयोजित किए जा रहे हैं शैक्षणिक कार्यक्रम

कानपुर मेट्रो द्वारा बाल दिवस के अवसर पर नवंबर माह में विभिन्न विद्यालयों के सहयोग से लगातार मेट्रो जॉयराइड और शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बच्चों द्वारा इन यात्राओं को काफी पसंद किया जा रहा है। हाल के दिनों में ऑक्सफोर्ड मॉडल कॉन्वेंट, दिल्ली पब्लिक स्कूल (उन्नाव) और यूपी किराना सेवा समिति विद्यालय सहित कई स्कूलों के विद्यार्थियों ने मेट्रो की शैक्षणिक यात्रा की। इन यात्राओं के दौरान बच्चों को मेट्रो में सफर करते समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों, सतर्कता संबंधी निर्देशों तथा दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए की गई विशेष व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी गई। आने वाले दिनों में भी विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से ऐसे भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।