- 250 से अधिक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में नई कार्यकारिणी ने संभाली जिम्मेदारी, सदस्यता विस्तार के साथ संगठन ने रचा नया इतिहास
भोपाल, 22 नवंबर। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (JITO) भोपाल चैप्टर, लेडीज विंग एवं यूथ विंग का भव्य इंस्टॉलेशन एवं शपथ ग्रहण समारोह 21 नवंबर 2026 को नोवोटेल होटल, भोपाल में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। “JITO Bhopal Chapter – NEXT 2026: Connect, Contribute, Create Opportunities ” की थीम पर आयोजित इस समारोह में 250 से अधिक गणमान्य अतिथियों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों की उपस्थिति रही।
समारोह का मुख्य आकर्षण संगठन का अभूतपूर्व सदस्यता विस्तार एवं नए नेतृत्व का आगमन रहा। इस अवसर पर 6 चीफ पैट्रन (Chief Patron) सदस्य, 30 पैट्रन सदस्य, 21 लेडीज विंग सदस्य एवं 40 यूथ विंग सदस्य बनाने की महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। यह उपलब्धि भोपाल में जिटो की बढ़ती लोकप्रियता, संगठन के प्रति समाज के विश्वास और सामूहिक सहभागिता को दर्शाती है।
कार्यक्रम में जिटो एपेक्स के चेयरमैन श्री संजय डांगी एवं अध्यक्ष श्री हिमांशु शाह वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इसके अतिरिक्त जिटो एपेक्स के उपाध्यक्ष श्री रमन (अश्विन) जैन, एपेक्स डायरेक्टर श्री कमलेश आर. सोजतिया एवं श्री उदेश दस्सानी सहित जिटो के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह में वर्ष 2026-28 के लिए नई कार्यकारिणी को औपचारिक रूप से जिम्मेदारी एवं शपथ दिलाई गई। जिटो भोपाल चैप्टर के चेयरमैन के रूप में सीएस अमित कुमार जैन तथा चीफ सेक्रेटरी के रूप में श्री गौरव नाहर ने पदभार ग्रहण किया। लेडीज विंग की चेयरपर्सन श्रीमती आरती जैन एवं चीफ सेक्रेटरी श्रीमती प्रेरणा गोधा तथा यूथ विंग के चेयरमैन श्री आयुष मोदी एवं चीफ सेक्रेटरी श्री हर्ष सुराणा ने भी नई जिम्मेदारियां संभालीं।

इस अवसर पर वर्ष 2024-26 के निवर्तमान नेतृत्व के योगदान को भी सम्मानपूर्वक याद किया गया। निवर्तमान चेयरमैन श्री प्रशांत जैन एवं चीफ सेक्रेटरी श्री वैभव जैन के कार्यकाल में संगठन ने सदस्यता विस्तार, सामाजिक सहभागिता एवं विभिन्न प्रभावशाली गतिविधियों के माध्यम से नई उपलब्धियां हासिल कीं।
नवनियुक्त चेयरमैन सीएस अमित कुमार जैन ने अपने संबोधन में कहा कि जिटो भोपाल चैप्टर का आगामी कार्यकाल केवल पदों का परिवर्तन नहीं, बल्कि नई सोच, नई ऊर्जा और नए संकल्पों के साथ संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का अवसर है। हमारा लक्ष्य जिटो के मूल उद्देश्यों के अनुरूप व्यापार, उद्योग, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सेवा एवं युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में ठोस एवं परिणामोन्मुखी कार्य करना है।
उन्होंने कहा कि भोपाल चैप्टर को एक ऐसा सशक्त मंच बनाया जाएगा, जहां समाज के प्रत्येक व्यवसायी, उद्यमी, युवा एवं महिला सदस्य को आगे बढ़ने, आपसी व्यापारिक संबंध विकसित करने और नए अवसर प्राप्त करने का अवसर मिले। लेडीज विंग एवं यूथ विंग की सक्रिय भागीदारी के साथ संगठन की गतिविधियों को और व्यापक बनाया जाएगा। सदस्यता में हुई उल्लेखनीय वृद्धि इस बात का प्रमाण है कि समाज जिटो के विजन और मिशन के साथ जुड़ने के लिए उत्साहित है।
अंत में नवनियुक्त नेतृत्व ने निवर्तमान टीम, सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों, नवनियुक्त ट्रस्टी, चीफ पैट्रन, पैट्रन सदस्यों एवं समस्त जिटो परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
जिटो भोपाल चैप्टर का नया संदेश है – नई ऊर्जा, उत्कृष्टता और परिवर्तन के साथ एक सशक्त एवं समृद्ध समाज का निर्माण।
